×

कुपवाड़ा पुलिस ने त्रेहगाम में एक ड्रग तस्कर को किया गिरफ्तार, चरस बरामद

 

कुपवाड़ा, 18 जून (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत त्रेहगाम पुलिस ने एक संदिग्ध ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नशीला पदार्थ बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

त्रेहगाम पुलिस स्टेशन की एक टीम क्षेत्र में नियमित गश्त और निगरानी अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस कर्मियों ने उसे रोककर पूछताछ की और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से चरस जैसा नशीला पदार्थ बरामद हुआ।

गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान नदीम अहमद गोजरी के रूप में हुई है। बरामद पदार्थ को मौके पर ही पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया और आगे की जांच के लिए पुलिस स्टेशन ले जाया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद नशीले पदार्थ की मात्रा और उसके स्रोत के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी किसी बड़े ड्रग नेटवर्क से जुड़ा हुआ है या नहीं। जांच के दौरान आरोपी के संपर्कों और गतिविधियों की भी पड़ताल की जाएगी।

इस संबंध में त्रेहगाम पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम की धारा के तहत ममला दर्ज की गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कुपवाड़ा पुलिस ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या नशीले पदार्थों के कारोबार की जानकारी हो तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। अधिकारियों का कहना है कि समाज को नशे की समस्या से बचाने के लिए पुलिस और जनता के बीच सहयोग बेहद आवश्यक है।

पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की लत और अवैध मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

--आईएएनएस

एसएके/वीसी