कुलगाम हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल, मेहराज मलिक बोले-'सुरक्षा और खुफिया तंत्र विफल'
श्रीनगर, 11 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े आतंकियों ने सीआरपीएफ के नाके पर हमला कर दिया। बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने सुरक्षाकर्मियों पर अंधाधुंध फायरिंग की और फिर मौके से भाग गए। इस हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के तीन जवान घायल हो गए।
घायल जवानों को इलाज के लिए अनंतनाग जिले के जीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सीआरपीएफ के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे कुलगाम जिले में एक नाके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों पर अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने गोलीबारी शुरू कर दी। हमला इतना अचानक हुआ कि जवानों को संभलने का मौका नहीं मिला। हमलावर फायरिंग के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। यह सीआरपीएफ पार्टी पर हमला था और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा रहा है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, घायल जवानों की पहचान सीटी/जीडी राकेश दास, सीटी/जीडी संतोष चंद्रू और एचसी/जीडी सोमवीर सिंह के रूप में हुई है। राकेश दास असम के रहने वाले हैं। उनके पैर में गोली लगी है लेकिन उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
दूसरे घायल जवान संतोष चंद्रू पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। उनके पेट और रीढ़ की हड्डी में गोली लगी है। उन्हें तुरंत ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल गंभीर है।
तीसरे घायल जवान एचसी/जीडी सोमवीर सिंह मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। उनके बाएं हाथ में गोली लगी है और उनकी हालत स्थिर है। शुरुआत में सूत्रों ने बताया था कि इस हमले में दो जवान घायल हुए हैं लेकिन बाद में आधिकारिक जानकारी में तीन जवानों के घायल होने की पुष्टि हुई।
इस बीच, जम्मू-कश्मीर आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष एवं डोडा विधायक मेहराज मलिक ने इस हमले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "कुलगाम में दिनदहाड़े हुआ आतंकी हमला इस बात का स्पष्ट संकेत है कि जमीनी स्तर पर सुरक्षा और खुफिया तंत्र विफल रहे हैं। हमारे घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"
बता दें कि पुलिस और सुरक्षा बलों ने हमलावरों की तलाश के लिए पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया है।
--आईएएनएस
एससीएच/पीएम