'कुछ लोग कभी नहीं बदलते', अभिनेता रोनित रॉय के पोस्ट ने खींचा लोगों का ध्यान
मुंबई, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिनेता रोनित रॉय दमदार एक्टिंग के अलावा अपनी सधी हुई सोच और अनुभव भरी बातों के लिए जाने जाते हैं। वह लगभग तीन दशकों से मनोरंजन जगत में सक्रिय हैं और अपने अनुभवों से लोगों के साथ अपने विचार साझा करते रहते हैं। इस कड़ी में उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने लोगों को उसी रूप में अपनाने पर जोर दिया, जो वह है।
रोनित रॉय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपनी एक तस्वीर साझा की और कहा कि हमें लोगों को वैसे ही स्वीकार करना चाहिए जैसे वे हैं। साथ ही, उन्होंने यह भी समझाया कि हर व्यक्ति को अपनी जिंदगी में एक सीमित जगह देनी चाहिए क्योंकि हर कोई हमारे समय के योग्य नहीं होता।
उन्होंने कैप्शन में लिखा, ''चाहे हमारी नीयत कितनी भी अच्छी क्यों न हो और हम कितनी भी कोशिश क्यों न कर लें, कुछ लोग कभी नहीं बदलते। ऐसा इसलिए नहीं कि हम कम प्रयास करते हैं बल्कि इसलिए क्योंकि वे खुद बदलना नहीं चाहते। कई लोग अपनी गलतियों को मानने से बचते हैं और अपने अंदर की कमियों को देखने से ही इंकार कर देते हैं। इस वजह से उन्हें बदलना लगभग नामुमकिन हो जाता है।''
उन्होंने कहा, "ऐसे लोग अपनी ही छोटी सी दुनिया में खुश रहते हैं और उन्हें अपनी आदतों में कोई कमी नजर नहीं आती। अगर कोई व्यक्ति उन्हें बदलने की कोशिश करता है, तो वह खुद ही मानसिक रूप से थक जाता है और दुखी हो जाता है। इस स्थिति में सबसे सही रास्ता यही है कि हम उन्हें छोड़ दें और अपनी शांति बनाए रखें। जो जैसा है, उसे वैसा ही स्वीकार करें और बेवजह अपनी ऊर्जा न गंवाएं। इस कोशिश में खुद को न खोएं।''
रोनित रॉय ने एक उदाहरण देते हुए पोस्ट में कहा, "जैसे कचरे की सही जगह कूड़ेदान होती है, वैसे ही नकारात्मक लोगों को भी अपनी जिंदगी से दूर फेंक देना चाहिए। हमारी खुशी, हमारे व्यक्तित्व की मजबूती और हमारे मन की शांति सबसे ज्यादा जरूरी है। इसलिए हमें उन चीजों या लोगों को ज्यादा महत्व नहीं देना चाहिए जो इसके योग्य नहीं हैं। जिंदगी में सुकून चाहिए तो कुछ लोगों को जाने देना सीखिए।"
--आईएएनएस
पीके/पीएम