केएसएस मेमोरियल शूटिंग: 10 मीटर एयर पिस्टल महिला वर्ग में अंजलि विनर, 2 गोल्ड के साथ कनक ने जमाई धाक
नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। 24वीं कुमार सुरेंद्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप के 10 मीटर एयर पिस्टल महिला वर्ग में राजस्थान की अंजलि शेखावत ने गोल्ड पर निशाना साधा। इसके अलावा, हरियाणा की कनक बुधवार ने 10 मीटर एयर पिस्टल जूनियर महिला वर्ग और 10 मीटर एयर पिस्टल यूथ विमेंस इवेंट में गोल्ड मेडल अपने नाम किए।
सोमवार को डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित चैंपियनशिप में शेखावत ने फाइनल में 240.5 का स्कोर करते हुए पोडियम पर शीर्ष स्थान हासिल किया। 238.7 के स्कोर के साथ हरियाणा की कनक दूसरे पायदान पर रहीं, जबकि 216 के स्कोर के साथ पंजाब की अगम रंजीत कौर ग्रेवाल ने तीसरा स्थान हासिल किया।
क्वालीफिकेशन राउंड में तेलंगाना की ओलंपियन ईशा सिंह 582-20x के स्कोर के साथ शीर्ष पर रहीं, उनके बाद अगम रंजीत कौर ग्रेवाल (579-15x) और हरियाणा की मुस्कान चहल (577-21x) रहीं।
हालांकि, ईशा सिंह और मध्य प्रदेश की महिमा तुर्ही अग्रवाल, जिन्होंने 575-20x के स्कोर के साथ सातवें स्थान पर क्वालीफाई किया था, उन्होंने फाइनल में हिस्सा नहीं लिया। कनक ने 576-13x के स्कोर के साथ छठे स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था।
फाइनल में, रेलवे की युविका तोमर 196.1 (576-15x) के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रहीं। मुस्कान चहल 174.8 के स्कोर के साथ पांचवें स्थान पर रहीं। हरियाणा की एक और शूटर, मुस्कान, 154.8 (575-19x) के स्कोर के साथ छठे स्थान पर रहीं।
महिला वर्ग की सिल्वर मेडलिस्ट कनक बुधवार ने 10 मीटर एयर पिस्टल जूनियर महिला वर्ग में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए 238.4 के स्कोर के साथ गोल्ड मेडल जीता। 237.5 के स्कोर के साथ हरियाणा की प्रियांशी पूर्वा ने सिल्वर मेडल जीता, जबकि हरियाणा की केतन ने 216.8 के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीतकर राज्य के लिए क्लीन स्वीप पूरा किया।
इसके अलावा, 10 मीटर एयर पिस्टल यूथ विमेंस इवेंट में, कनक ने एक बार फिर जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 244.3 के शानदार स्कोर के साथ गोल्ड मेडल जीता। हरियाणा की नव्या ने 237.7 के स्कोर के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया, जबकि आर्मी की अंजलि महेंद्र भागवत 215.3 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
टीम इवेंट में हरियाणा की टीम विजयी रही। प्रियांशी पूर्वा, नव्या और सुरभि राव की तिकड़ी ने मिलकर 1718.0-48x का कुल स्कोर बनाकर गोल्ड मेडल जीता। रेलवे की टीम (युविका तोमर, साक्षी अनिल सूर्यवंशी और रिया शिरीष थट्टे) ने 1710.0-40x के स्कोर के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि उत्तर प्रदेश की वंशिका चौधरी, संस्कृति बाना और अंजलि चौधरी ने 1709.0-50x के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
--आईएएनएस
आरएसजी