×

कृषि विभाग के मुद्दों पर सरकार कर रही समाधान की कोशिश, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री उदय सामंत

 

मुंबई, 9 जून (आईएएनएस)। शिवसेना विधायक और राज्य कैबिनेट मंत्री उदय सामंत ने नाशिक की स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव, किसान आंदोलन और इंडिया ब्लॉक की बैठक को लेकर कई अहम बयान दिए हैं। उन्होंने कहा कि नासिक चुनाव को लेकर राजनीतिक रणनीति तैयार की जा रही है और सभी संबंधित नेताओं से चर्चा जारी है।

नासिक स्थानीय प्राधिकरण के चुनाव पर बोलते हुए उदय सामंत ने बताया कि इस विषय में उनकी मंत्री गिरीश महाजन से चर्चा हुई है। उन्होंने कहा, ''प्रसाद बापू ने शिवसेना के दराडे को समर्थन दिया है। गोकुल गीते से भी संपर्क हुआ है और सकारात्मक माहौल बन रहा है। स्थिति स्पष्ट होने के बाद मैं नासिक जाऊंगा।''

उन्होंने कहा कि गिरीश महाजन की तबीयत ठीक नहीं थी, इसलिए वे आज बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे। सामंत ने बताया कि गिरीश महाजन और उन्होंने स्वयं मुख्यमंत्री से इस मुद्दे पर चर्चा की है। उन्होंने कहा कि नासिक की सीट जीतने के लिए पूरी रणनीति तैयार कर काम किया जाएगा।

किसान नेता बच्चू कडू को लेकर पूछे गए सवाल पर उदय सामंत ने कहा कि शिवसेना के प्रत्येक कार्यकर्ता की इच्छा होती है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे जैसे नेता उच्च पदों पर रहें, इसलिए उनके बारे में सम्मानजनक भाषा का प्रयोग होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में एकनाथ शिंदे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं।

बच्चू कडू द्वारा उठाए गए किसानों के मुद्दों पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री फडणवीस और एकनाथ शिंदे ने इस पर चर्चा कर निर्णय लिया था। उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ मुद्दे कृषि विभाग के समन्वय और कार्यप्रणाली से जुड़े हैं, जिन्हें बैठक के जरिए सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि भरत शेट्टी को पालकमंत्री नियुक्त किए जाने की मांग की गई है और इस विषय पर तटकरे से भी चर्चा हुई है। उन्होंने अपील की कि जो आश्वासन और प्रतिबद्धताएं दी गई हैं, उन्हें सीट निर्विरोध होने के बाद भुलाया न जाए।

इंडिया ब्लॉक की बैठक पर टिप्पणी करते हुए उदय सामंत ने कहा कि यह सवाल उठता है कि उद्धव बालासाहेब ठाकरे (यूबीटी) गुट का प्रतिनिधित्व कौन कर रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कोरोना काल में ऑनलाइन बैठकें होती थीं, लेकिन अब भी कुछ लोग ऑनलाइन ही जुड़ रहे हैं।

उन्होंने संजय राउत के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि यदि राहुल गांधी जैसे नेता की बैठक में भी ऑनलाइन उपस्थिति हो रही है, तो इस पर विचार करना चाहिए। सामंत ने कहा कि केवल ऑनलाइन राय को ज्यादा महत्व नहीं मिलेगा।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी