☰
×

क्रांतिकारी अशफाक उल्ला खां की जयंती पर सीएम योगी और रेखा गुप्ता समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

 

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। महान स्वतंत्रता सेनानी और काकोरी कांड के अमर बलिदानी अशफाक उल्ला खां की जयंती पर देशवासियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। इस अवसर पर कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों ने भी उन्हें नमन किया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'एक्स' पर लिखा, "मां भारती की स्वतंत्रता के लिए हंसते-हंसते अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले 'काकोरी ट्रेन एक्शन' के अमर महानायक अशफाक उल्ला खां की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। मातृभूमि के लिए उनका बलिदान उस राष्ट्रभाव की अमर गाथा है, जहां जीवन से बड़ा देश और प्राणों से बड़ी स्वतंत्रता होती है।"

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अशफाक उल्ला खां को नमन करते हुए पोस्ट में लिखा, "काकोरी कांड के माध्यम से अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिलाने वाले अशफाक उल्ला खां ने अपनी कलम और क्रांतिकारी विचारों से युवाओं में आजादी का जज्बा जगाया। मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति की अमर मिसाल है। उनका प्रेरणादायी जीवन आने वाली पीढ़ियों में देशप्रेम की भावना जगाता रहेगा।"

राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने लिखा, "मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर बलिदानी और क्रांतिसूर्य अशफाक उल्ला खां की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। मां भारती की आजादी के लिए उनका अदम्य साहस, अप्रतिम राष्ट्रप्रेम और सर्वोच्च बलिदान प्रत्येक देशवासी के हृदय में सदैव अमर रहेगा।"

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 'एक्स' पोस्ट में कहा, "काकोरी ट्रेन एक्शन के महानायक, मां भारती की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर क्रांतिकारी अशफाक उल्ला खां की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। उनका अदम्य साहस, सर्वोच्च बलिदान और मातृभूमि के प्रति अटूट प्रेम सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा, एकता और देशभक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा।"

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने पोस्ट किया, "मां भारती को परतंत्रता की बेड़ियों को मुक्त कराने के लिए प्राणोत्सर्ग कर देने वाले अमर क्रांतिकारी, काकोरी ट्रेन एक्शन के महानायक अशफाक उल्ला खां की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन अर्पित करता हूं। अपने क्रांतिकारी विचारों और ओजस्वी कविताओं के माध्यम से अशफाक उल्ला खां ने स्वतंत्रता संग्राम की ऐसी लौ प्रज्वलित की, जिसमें असंख्य युवाओं ने राष्ट्र के लिए स्वयं को समर्पित कर दिया। उनका जीवन केवल स्वतंत्रता का नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, साहस और त्याग की अमर गाथा है, जो अनंतकाल तक देशवासियों को प्रेरणा देती रहेगी।"

अशफाक उल्ला खां को श्रद्धांजलि देते हुए बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने लिखा, "ऐतिहासिक काकोरी ट्रेन एक्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर उन्होंने ब्रिटिश हुकूमत के विरुद्ध स्वतंत्रता संग्राम को नई ऊर्जा प्रदान की। मातृभूमि की आजादी के लिए उनका अदम्य साहस, अटूट राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।"

--आईएएनएस

डीसीएच/