☰
×

कोटा नाव हादसे पर मंत्री मदन दिलावर ने जताया दुख, एसपी बोलीं- गोताखोर कर रहे तलाश

 

कोटा, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजस्थान के कोटा जिले में मंगलवार शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 80 फीट रोड पर स्टील ब्रिज के पास चंबल नदी की राइट मेन कैनाल में सात लोगों से भरी नाव पलट गई। इस हादसे में चार बच्चों के डूबने की आशंका है। लापता बच्चों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

घटना बोरखेड़ा थाना क्षेत्र की है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर बचाव दलों को तैनात किया गया। लापता बच्चों का पता लगाने के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), नगर निगम और स्थानीय गोताखोरों की मदद ली जा रही है।

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए लोग कोटा के किशोर सागर से निकलने वाली नहर पर पहुंचे थे। इसी दौरान सात लोग नाव में सवार होकर विसर्जन के लिए निकले, लेकिन नहर के बीच में नाव पलट गई। नाविक समेत तीन लोग तैरकर निकलने में सफल रहे, जबकि चार बच्चे लापता हो गए। बचाव दल लगातार उनकी तलाश में जुटे हैं।

हादसे पर मंत्री मदन दिलावर ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि त्योहार के दिन इस दुखद घटना से परिवारों में शोक छा गया है। मंत्री ने बताया कि विसर्जन के लिए सात लोग एक असुरक्षित नाव में सवार हुए थे, जबकि ऐसी नाव का इस्तेमाल प्रतिबंधित है। नाव डूबने के बाद तीन लोग सुरक्षित निकल आए, लेकिन चार लोग लापता हैं।

कोटा की एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि कैनाल रोड पर दुर्गा विसर्जन के लिए आए लोगों की नाव नहर के बीच में पलटने की सूचना मिली थी। नाव में सात लोग सवार थे। इनमें से तीन लोगों को तैरना आता था, इसलिए वे निकलने में कामयाब रहे। बाकी चार लोगों को तैरना नहीं आता था। एसपी ने आगे बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है। एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमें लगातार खोजबीन कर रही हैं।

--आईएएनएस

पीएसके/वीसी