कोटा बस हादसा : घायलों से अस्पताल में मिले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, बेहतर उपचार के दिए निर्देश
जयपुर, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। कोटा में शनिवार की सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुए दर्दनाक बस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। घायलों को न्यू मेडिकल कॉलेज और एबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला अस्पताल पहुंचे और घायलों से मिलकर उनका हालचाल जाना।
इस दौरान कलेक्टर पीयूष समारिया, आईजी हरेंद्र महावर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। ओम बिड़ला ने अस्पताल के प्राचार्य को बेहतर उपचार के निर्देश दिए। उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि ब्लैक स्पॉट को चिह्नित कर भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए पुख्ता कदम उठाए जाएंगे।
ओम बिड़ला ने मीडिया से बातचीत में कहा, "पूरी घटना की जांच की जा रही है और इसके नतीजों की समीक्षा की जाएगी। एक टीम लगातार सड़क सुरक्षा उपायों का अध्ययन कर रही है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए व्यापक कदम उठाए जा सकें, चाहे वह दिल्ली-मुंबई हाईवे हो या अन्य सड़कें। टीम ने कुछ महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। टीम की अंतिम बैठक नवंबर में होगी। इसके बाद एनएचआई, आंतरिक और पीडब्ल्यूडी की सड़कों पर चिह्नित दुर्घटना के प्वाइंट (ब्लैक स्पॉट) को ठीक कराया जाएगा। दुर्घटना चिह्नित स्थानों पर विशेष देखभाल की जाएगी, जिससे हादसे न होने पाएं।"
ओम बिड़ला ने कहा, "हादसा दुखद और पीड़ादायक है। घायलों के इलाज में किसी भी तरह की कोताही बरती नहीं जाएगी। भविष्य में होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।"
बता दें कि कोटा के सिमलिया थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 6.30 बजे एक मिनी बस भोपाल से खाटूश्याम जा रही थी। इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर मिनी बस अनियंत्रित हो गई और एक नाले के ऊपर बने पुल से जा टकराई। इसके बाद मिनी बस करीब 15 फीट की ऊंचाई से जा गिरी। मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस टीमों ने सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल के लिए भेजा और शवों को अपने कब्जे में लिया।
कोटा ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा ने बताया कि दुर्घटना में करीब 8 लोगों की मौत हो गई है और 15 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। भोपाल से कुछ यात्री मिनी बस में खाटूश्याम की यात्रा करने के लिए जा रहे थे। सभी लोग अलग-अलग परिवारों से हैं, लेकिन वे सभी एक-दूसरे को जानते हैं।
--आईएएनएस
ओपी/एएस