कोलकाता पुलिस का बड़ा एक्शन, सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर पुलिसकर्मी सस्पेंड
कोलकाता, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। कोलकाता पुलिस ने अपने एक पुलिसकर्मी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे फिलहाल निलंबित कर दिया है। यह कदम सोशल मीडिया पर उसके पोस्ट की जांच के चलते उठाया गया है। पुलिस विभाग का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच चल रही है और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, संबंधित पुलिसकर्मी पर आरोप है कि उसने सोशल मीडिया पर ऐसी गतिविधियां की, जो सेवा आचरण नियमों के खिलाफ मानी जा सकती हैं। इसी वजह से विभाग ने उसे सस्पेंड कर दिया है, ताकि जांच निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ सके।
इस घटना के बाद कोलकाता पुलिस ने अपने सभी जवानों और अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। निर्देश में साफ कहा गया है कि कोई भी पुलिसकर्मी सोशल मीडिया पर ऐसा कोई कंटेंट पोस्ट, शेयर या लाइक न करे, जो नियमों का उल्लंघन करता हो या चुनावी माहौल को प्रभावित कर सके।
कोलकाता पुलिस सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया, "कोलकाता पुलिस के एक पुलिसकर्मी को सोशल मीडिया पर उसके आचरण की जांच पूरी होने तक निलंबित कर दिया गया है। सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे सोशल मीडिया पर ऐसी कोई भी सामग्री पोस्ट करने, शेयर करने या उसका समर्थन करने से पूरी तरह परहेज़ करें, जो सेवा आचरण नियमों या आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करती हो। उन्हें यह भी निर्देश दिया गया है कि वे चुनाव प्रक्रिया के दौरान पूरी तरह से निष्पक्षता बनाए रखें और स्वतंत्र, निष्पक्ष तथा शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करें।"
गौरतलब है कि अभी पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव चल रहे हैं। पहला फेज 23 अप्रैल को था, जबकि दूसरे फेज की वोटिंग 29 अप्रैल को होगी। ऐसे में प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। इस बीच सभी पुलिसकर्मियों को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे चुनाव प्रक्रिया के दौरान पूरी तरह निष्पक्ष रहें और यह सुनिश्चित करें कि चुनाव शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हों। किसी भी तरह की लापरवाही या पक्षपात को गंभीरता से लिया जाएगा।
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस