☰
×

कोलकाता नगर निगम चुनाव में भाजपा की होगी जीत, सुप्रीम कोर्ट के आदेश का इंतजार: राहुल सिन्हा

 

कोलकाता, 24 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में आगामी नगर निकाय चुनाव, गोहत्या के आरोपों और तृणमूल कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति को लेकर भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने राज्य सरकार और तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कोलकाता नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा सुप्रीम कोर्ट के आदेश का इंतजार कर रही है। आदेश जितनी जल्दी आएगा, उतना ही अच्छा होगा। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि कोलकाता नगर निगम में चुनाव होने पर भाजपा की जीत होगी और इसी आशंका के चलते विपक्ष चुनाव को रोकने के लिए अदालत पहुंचा है।

राहुल सिन्हा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट का आदेश कुछ ही दिनों में आ जाएगा। चुनाव आज हो या कल, होना तय है। कोलकाता और हावड़ा की जनता भाजपा के साथ है और चुनाव होने पर इसका परिणाम सामने आ जाएगा।

गोहत्या को लेकर सवाल पूछे जाने पर राहुल सिन्हा ने कहा कि गौ माता की हत्या देश की आत्मा की हत्या करने जैसा है। उन्होंने कहा कि देश में खाने के लिए बहुत कुछ उपलब्ध है, इसलिए गौ माता पर अत्याचार और उन्हें कष्ट पहुंचाने की घटनाएं नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार से ऐसी घटनाओं को रोकने की मांग की। गोहत्या रोकने के लिए कानून बनाए जाने और कानून का पालन नहीं करने वालों को सजा देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कानून में दंड और सजा का प्रावधान भी होना चाहिए। किसी भी कानून का उल्लंघन करने पर जिस तरह सजा का प्रावधान रहता है, उसी तरह इस कानून में भी व्यवस्था होनी चाहिए।

गौ पालन के लिए सरकारी योजनाओं पर राहुल सिन्हा ने कहा कि दूसरे राज्यों में ऐसी योजनाएं हैं, लेकिन पश्चिम बंगाल में इस दिशा में पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। कई लोग गाय पालते हैं और जब वे बूढ़ी हो जाती हैं तो उन्हें घर से निकालने के बजाय गौशालाओं में रखकर उनकी देखभाल करते हैं। उन्होंने कहा कि गाय दूध देती है, गोबर देती है और मानव जीवन में उसका महत्वपूर्ण योगदान है। ऐसे में जब गाय वृद्ध हो जाए और पहले की तरह उपयोगी न रहे, तब भी उसकी देखभाल की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में उनके पालन-पोषण के लिए सरकार को सहयोग देना चाहिए और इस दिशा में समर्थन के लिए आगे आना चाहिए।

एनसीपीआई से जुड़े घटनाक्रम और तृणमूल कांग्रेस की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि तृणमूल टूटकर बिखर गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने कई गलतियां की हैं और धर्म तथा देवी-देवताओं के साथ अन्याय किया है। सिन्हा ने तृणमूल की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को उसके कर्मों का परिणाम बताते हुए कहा कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता अलग-अलग दिशाओं में जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग जगहों पर पार्टी के लोग बिखर रहे हैं और कहीं इधर तो कहीं उधर जा रहे हैं। राहुल सिन्हा ने ममता बनर्जी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जिस पार्टी को उन्होंने बनाया, आज उसकी स्थिति ऐसी हो गई है कि वह कहीं की नहीं रह गई है।

--आईएएनएस

पीएसके