कोलकाता में भी 'मोदी मैजिक', रोड शो में महिलाओं की दिखी भव्य भागीदारी
कोलकाता, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कोलकाता में एक भव्य रोड शो किया। इस रोड शो में लोगों की भव्य भीड़ देखने को मिली, लेकिन महिलाओं की भागीदारी देखकर पीएम मोदी भी गदगद हो गए।
प्रधानमंत्री मोदी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से इस रोड शो में शामिल महिलाओं की कई तस्वीरों को शेयर किया गया है। तस्वीरों को शेयर करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि कोलकाता बार-बार मेरा दिल जीत लेता है। आज का रोड शो बेहद शानदार रहा। इसमें शहर की नारी शक्ति और युवा शक्ति की जोरदार भागीदारी ने इसे और खास बना दिया। यह साफ दिख रहा है कि यह महान शहर भाजपा और हमारे विकास के एजेंडे को चाहता है।
पीएम मोदी ने आगे लिखा कि कई सालों तक तृणमूल कांग्रेस ने कोलकाता में लोगों के वोट तो लिए, लेकिन काम नहीं किया। शहरी प्रशासन क्या होता है, यह टीएमसी नहीं जानती। टीएमसी सिर्फ लोगों को लूटने और डराने-धमकाने की राजनीति करती है। यही वजह है कि शहर के कई अहम बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में देरी हुई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा कोलकाता और आसपास के लोगों को भरोसा दिलाती है कि उनकी सरकार शहरी विकास के लिए एक नई सोच लेकर आएगी। भाजपा की सरकार अगली पीढ़ी की जरूरतों के हिसाब से आधुनिक बुनियादी ढांचे का निर्माण करेगी और लोगों की उम्मीदों के मुताबिक विकास करेगी।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने पर स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी जाएगी। भाजपा सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि कनेक्टिविटी बेहतर हो, सुविधाओं को आधुनिक बनाया जाए और लोगों को बेहतर बुनियादी सेवाएं मिलें। इसके साथ ही बंगाली संस्कृति और साहित्य को आने वाले समय में और अधिक लोकप्रिय बनाने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
उन्होंने थंथानिया कालीबाड़ी में मां काली का आशीर्वाद लिया। थंथानिया कालीबाड़ी कोलकाता के सबसे पुरानी काली मंदिरों में से एक है।
प्रधानमंत्री मोदी का रोड शो के दौरान इस मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना करने का कार्यक्रम पहले से ही तय था। प्रधानमंत्री रोड शो के दौरान फूल-माला लेकर मंदिर में पहुंचे, दर्शन किए, और मंदिर से निकलकर फिर रोड शो में शामिल हो गए।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम