×

कोलकाता में टीएमसी नेता की निर्माणाधीन इमारत पर चला बुलडोजर, फ्लैट खरीदारों का फूटा गुस्सा

 

कोलकाता, 25 मई (आईएएनएस)। कोलकाता नगर निगम (केएमसी) ने सोमवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता और रियल एस्टेट कारोबारी राजू नस्कर की निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत पर बुलडोजर कार्रवाई की।

इस कार्रवाई के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। फ्लैट खरीदने वाले लोगों ने नाराज होकर राजू नस्कर के एक करीबी सहयोगी की पिटाई भी कर दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और केंद्रीय बलों को मौके पर तैनात करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, केएमसी ने बेलियाघाटा इलाके के 37 बरवारीतला रोड और 1-ई ईस्ट कुलिया रोड स्थित राजू नस्कर की दो बहुमंजिला इमारतों को नोटिस जारी किया था। दोनों टावरों में कुल 16 फ्लैट थे। इनमें से 1-ई ईस्ट कुलिया रोड स्थित निर्माणाधीन इमारत को निगम ने ध्वस्त कर दिया।

केएमसी की नोटिस के बाद फ्लैट खरीदारों में दहशत फैल गई। सोमवार को कुछ खरीदार राजू नस्कर के कार्यालय पहुंचे। इसी दौरान एक युवक स्कूटर से वहां पहुंचा, जिसे लोगों ने “राजू का आदमी” बताकर घेर लिया और थप्पड़ मार दिए। कुछ देर तक वहां बहस और हंगामा चलता रहा।

शिकायतकर्ता पॉपी डे ने आरोप लगाया कि उक्त युवक राजू नस्कर का करीबी सहयोगी है और लोगों को धमकाया करता था। उन्होंने कहा, “हमने फ्लैट के लिए पैसे दिए, लेकिन न तो एग्रीमेंट पेपर मिला और न ही बिल्डिंग प्लान दिखाया गया। सोमवार को दस्तावेज देने की बात कही गई थी, लेकिन जब हम ऑफिस पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला।”

बताया जा रहा है कि जिन लोगों की जमीन पर ये निर्माण किए गए, वे दोनों बुजुर्ग और बीमार हैं। एक व्यक्ति हृदय रोग से पीड़ित है, जबकि दूसरी महिला विधवा है। मौजूदा स्थिति में वे समझ नहीं पा रहे कि क्या करें।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि भारी रकम खर्च करने के बावजूद उन्हें अब तक जरूरी दस्तावेज नहीं मिले। कुछ लोगों ने खुद को ठगी का शिकार बताया। केएमसी की कार्रवाई के बाद से राजू नस्कर का कार्यालय बंद है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर निगम ने पहले भी इन निर्माणों पर सवाल उठाए थे। पिछले साल सितंबर में भी निर्माण कार्य रोकने का निर्देश दिया गया था। हालांकि, उस समय राजू नस्कर ने मामले को देखने का आश्वासन दिया था।

अब फ्लैट खरीदारों को अपने पैसे और फ्लैट दोनों के डूबने का डर सता रहा है। कई लोग सोमवार दोपहर बेलियाघाटा थाने पहुंचे और राजू नस्कर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की तैयारी की।

--आईएएनएस

डीएससी