×

मस्जिद की वजह से रुका है कोलकाता एयरपोर्ट का विकास, इसलिए उसे हटाना पड़ेगा: सौरव सिकदर

 

उत्तर 24 परगना, 29 मई (आईएएनएस)। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के सेकेंडरी रनवे के पास स्थित एक मस्जिद को हटाने को लेकर भाजपा विधायक सौरव सिकदर की प्रतिक्रिया सामने आई है।

भाजपा विधायक ने कहा कि इसको लेकर बातचीत चल रही है। विकास के लिए उसको हटाना पड़ेगा, क्योंकि इसकी वजह से रनवे के विस्तार में परेशानी हो रही है। यह सुरक्षा के लिए भी खतरनाक है।

उन्होंने बताया कि डीएम ऑफिस में एक संयुक्त बैठक बुलाई गई थी। इसमें मस्जिद कमेटी के लोग थे। उनसे रिक्वेस्ट किया गया है। जिस जमीन पर मस्जिद बनी है, उसकी ऑनरशिप एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के पास है।

सौरव सिकदर ने कहा कि रनवे के विस्तार और एयरपोर्ट के विकास और बाकी कामों के लिए इसको हटाना अनिवार्य है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का आग्रह और प्राथमिकता है कि हवाई अड्डे का विकास होना चाहिए, क्योंकि यह पूर्वी भारत का सबसे बड़ा हवाई अड्डा है।

उन्होंने कहा कि इस मस्जिद की वजह से विस्तार रुका हुआ है। उड़ानों की भी संख्या नहीं बढ़ पा रही है। इसको स्थानांतरित करने के लिए मैंने सभी मुस्लिम धर्मगुरुओं से विनती की है विकास के रास्ते में धर्म कभी बाधा नहीं हो सकता है।

मंत्री दिलीप घोष ने कोलकाता हवाई अड्डे पर मस्जिद को लेकर कहा कि बंगाल में बहुत जगह धर्मस्थान बनाए गए हैं, जहां मंदिर और मस्जिद हैं। भगवान को सम्मान के साथ रखना चाहिए। जमीन कब्जाने के लिए भगवान को नहीं रखना चाहिए।

दिलीप घोष ने कहा कि सवाल है कि वहां मस्जिद बनी कैसे? गैरकानूनी है तो हटाना पड़ेगा लेकिन किन लोगों ने बनने दिया? दिलीप घोष ने कहा कि जिन लोगों ने गैरकानूनी तरीके से दुकान और घर बनाया है, वो हटा लें।

--आईएएनएस

एसडी/वीसी