☰
×

कित्तूर की वीरांगना रानी चेन्नम्मा की जयंती पर केंद्रीय मंत्री गडकरी समेत कई नेताओं ने किया नमन

 

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष कर मातृभूमि की स्वतंत्रता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाली कित्तूर की वीरांगना रानी चेन्नम्मा की जयंती पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सहित कई नेताओं की ओर से उनको नमन किया गया है।

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा गया, "मातृभूमि के गौरव एवं सम्मान की रक्षा हेतु अंग्रेजों से लड़ने वाली महान वीरांगना कित्तूर की रानी चेन्नम्मा की जयंती पर उन्हें सादर नमन।"

केंद्रीय आवास व शहरी मामलों एवं विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने सोशल मीडिया पर लिखा, "नारी शक्ति के अद्भुत शौर्य की प्रतीक, कित्तूर की महारानी, महान स्वतंत्रता सेनानी रानी चेन्नम्मा की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन! अपने शौर्य, पराक्रम और बुद्धिमत्ता से ब्रिटिश सेना को लोहे के चने चबाने पर मजबूर कर देने वाली वीरांगना की गौरव गाथा पर युगों-युगों तक एक कृतज्ञ देश को सर्वदा गर्व रहेगा।"

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य की ओर से सोशल मीडिया पर लिखा गया, "अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष कर मातृभूमि की स्वतंत्रता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाली कित्तूर की वीरांगना रानी चेन्नम्मा की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन! उनका अदम्य साहस, संघर्ष और मातृभूमि के प्रति समर्पण सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।"

केंद्रीय आयुष एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव की ओर से एक्स पोस्ट में लिखा गया, "महान वीरांगना कित्तूर की रानी चेनम्मा जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन।"

मध्य प्रदेश सरकार में पंचायत, ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल की ओर से सोशल मीडिया पर लिखा गया, "साहस, देशभक्ति और नारी शक्ति की अमर प्रतीक, महान वीरांगना रानी चेन्नम्मा जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन। रानी चेन्नम्मा कर्नाटक की ऐतिहासिक कित्तूर रियासत की वह साहसी रानी थीं, जिन्होंने सन 1824 में ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी के अन्यायी शासन और ‘हड़प नीति’ के विरुद्ध पहली बार सशस्त्र क्रांति का बिगुल फूंका था। उनका अद्वितीय पराक्रम, अटूट स्वाभिमान और सर्वोच्च बलिदान हम सभी को राष्ट्र सेवा एवं मातृभूमि के प्रति समर्पित रहने की अमर प्रेरणा देता है।"

--आईएएनएस

एसडी/एएस