किसी भी हाल में फेंसिंग नहीं रोकी जाएगी, 100 प्रतिशत फेंसिंग होगी : निशिथ प्रमाणिक
कोलकाता, 6 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री निसिथ प्रामाणिक ने बंगाल की राजनीति और खेल से जुड़े मामले पर आईएएनएस से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने टीएमसी की सरकार पर जमकर निशाना साधा।
मंत्री निशिथ प्रमाणिक ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि पिछला 15 वर्ष बंगाल के लिए अंधेर युग था। केवल राजनीति या विकास पर ही नहीं बल्कि खेल पर भी 15 वर्ष तक अंधेरा छाया रहा। अब बंगाल में परिवर्तन हुआ है, सूर्योदय हुआ है। भाजपा की सरकार हर क्षेत्र में प्रगति करने के बारे में सोचती है।
उन्होंने टीएमसी पर आरोप लगाते हुए कहा कि बीते 15 वर्षों में बच्चों के साथ भेदभाव किया गया। अब हमारी कोशिश बंगाल के बच्चों को ज्यादा सुविधा देने की है। नेशनल स्पोर्ट्स कोड को अपनाया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले खेल मंत्री के भाई की ओर से जिस तरह का कार्य किया गया है, उसका फल भी उसको भुगतना होगा। मेरा इतना कहना है कि बंगाल के बच्चों के भविष्य से जिसने खेला है, उसको छोड़ा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि पिछले बंगाल ओलंपिक में हुए घोटाले की जांच कराई जाएगी। इसके पीछे जिन लोगों का भी हाथ होगा उसके ढूंढकर निकाला जाएगा।
कोलकाता में मेयर पद से फिरहाद हकीम के इस्तीफे को लेकर निशिथ प्रमाणिक ने कहा कि देर से ही सही लेकिन सद्बुद्धि का उदय हुआ है। उनको बहुत पहले ही इस्तीफा दे देना चाहिए था। केवल फिरहाद हकीम ही नहीं बल्कि पूरे बंगाल में कई सारे काउंसलर और कमिश्नर जो काम नहीं करना चाहते, उनको इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि नए लोगों को भी कार्य करने का अवसर देना चाहिए। हमारी ओर से किसी पर दवाब नहीं डाला जाता है। लोग खुद से ही इस्तीफा दे रहे हैं।
उस्मान हादी हत्याकांड को लेकर ममता बनर्जी की ओर से लगाए गए आरोप पर निशिथ प्रमाणिक ने कहा कि ममता बनर्जी उकसा रही हैं। ममता बनर्जी की ओर से जिस तरह की बात की जा रही है, ऐसी बात एक आतंकी के सपोर्टर ही कर सकते हैं। उनको इतनी तो शर्म होनी चाहिए। उनकी बुद्धि भ्रष्ट हो गई है, इसी वजह से वे अपने देश के खिलाफ बातें कर रही हैं और आतंकी के पक्ष में बोल रही हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में दो केस दर्ज किए गए हैं, कार्रवाई भी की जाएगी।
निशिथ प्रमाणिक ने आगे कहा कि किसी की ओर से कुछ भी कहा जा रहा हो 100 प्रतिशत फेंसिंग की जाएगी। जिसको जो करना है वो करे, हमें कोई समस्या नहीं है। लेकिन किसी भी हाल में फेंसिंग रोकी नहीं जाएगी और पूरी फेंसिंग की जाएगी।
पीएम मोदी के सबसे लंबे कार्यकाल को लेकर निशिथ प्रमाणिक ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व का विषय है। हम चाहते हैं कि इतने और वक्त तक नरेंद्र मोदी भारत के प्रधानमंत्री रहें। उनके कार्यकाल में जिस तरह का काम किया गया है, जिस तरह से विकास किया गया है, एक विकासशील देश को विकसित बनने के लिए जो-जो स्टेप लेने चाहिए, प्रधानमंत्री की ओर से वो सब स्टेप लिए गए। भारत काफी कम समय में एक विकसित देश बनने की ओर है। इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम