☰
×

किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा समाधान, सहमति से जमीन अधिग्रहण पर जोर: सीईओ

 

ग्रेटर नोएडा, 18 नवंबर (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. बलकार सिंह ने बुधवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पहली बैठक कर विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं का समाधान, भूमि अधिग्रहण, विकास कार्यों की गुणवत्ता, शहर की साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें और जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही न बरतें। 2004 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. बलकार सिंह इससे पहले यूपीसीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में कार्यभार संभालने के बाद आयोजित पहली बैठक में एसीईओ प्रेरणा सिंह, एसीईओ सुमित यादव और एसीईओ नुपुर गोयल भी मौजूद रहीं।

बैठक में सीईओ ने प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के अधिकारियों से उनके कार्यों और मौजूदा परियोजनाओं की जानकारी ली। साथ ही आगामी कार्ययोजना को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने किसानों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया किसानों की आपसी सहमति और उनकी जायज मांगों को पूरा करते हुए आगे बढ़ाई जाए। किसानों के हितों का ध्यान रखते हुए उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि प्राधिकरण कार्यालय में आने वाले किसानों और आवंटियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और किसी भी व्यक्ति को कार्यालय में असुविधा का सामना न करना पड़े। शहर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए सीईओ ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने परियोजना विभाग की टीम को नियमित रूप से निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने और उनकी गुणवत्ता की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रतिष्ठित एजेंसी के माध्यम से भी विकास परियोजनाओं की गुणवत्ता की जांच कराने को कहा, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे हों और उनकी गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।

ग्रेटर नोएडा को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए भी सीईओ ने अधिकारियों को कई निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में गंदगी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़कों के किनारे और सेंट्रल वर्ज पर घास लगाने के निर्देश देते हुए उन्होंने इसे प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों से जोड़ने पर जोर दिया। अधिकारियों को केवल कार्यालयों में बैठकर काम करने के बजाय नियमित रूप से फील्ड में जाने और मौके पर समस्याओं की पहचान करने को कहा गया। साथ ही समस्याओं के समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जल संरक्षण को लेकर डॉ. बलकार सिंह ने एसटीपी से शोधित पानी के अधिकतम पुनः उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सिंचाई और निर्माण कार्यों में भूजल का इस्तेमाल कम से कम किया जाए और इसके स्थान पर एसटीपी से शोधित ट्रीटेड वाटर का उपयोग किया जाए। इससे भूजल संसाधनों पर दबाव कम करने के साथ जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। आवासीय सेक्टरों में लंबे समय से खाली पड़े भूखंडों को लेकर भी सीईओ ने नियोजन विभाग को निर्देश दिए।

उन्होंने ऐसे भूखंडों के आवंटियों को चिह्नित कर उन्हें निर्माण कार्य शुरू करने के लिए प्रेरित करने को कहा। उनका मानना है कि खाली भूखंडों पर निर्माण होने से सेक्टरों का समुचित विकास होगा और शहर की आवासीय गतिविधियों को गति मिलेगी। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा में निवेश को आकर्षित करने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम विकसित करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि निवेशकों को विभिन्न विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें एक ही व्यवस्था के माध्यम से जरूरी सुविधाएं एवं अनुमतियां उपलब्ध हो सकें। इसके लिए निवेशकों के अनुकूल माहौल तैयार करने और प्रक्रियाओं को सरल बनाने की दिशा में काम करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जीएम वित्त स्वतंत्र गुप्ता, ओएसडी अभिषेक पाठक, गुंजा सिंह, लवगीत कौर, गिरीश कुमार झा, मुकेश कुमार सिंह, महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह सहित प्राधिकरण के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सीईओ की पहली बैठक से यह संकेत मिला है कि आने वाले समय में ग्रेटर नोएडा में किसान हितों, विकास कार्यों की गुणवत्ता, स्वच्छता, जल संरक्षण और निवेश को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी