'खुशकिस्मत हूं कि फाइनल में रन बना पाया', पाकिस्तान को विजेता बनाने के बाद बोले फखर जमान
नई दिल्ली, 1 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज फखर जमान को बड़े मैचों का खिलाड़ी माना जाता है। इस बात को शनिवार को गद्दाफी स्टेडियम, लाहौर में श्रीलंका के खिलाफ खेले गए त्रिकोणीय वनडे सीरीज के फाइनल में उन्होंने एक बार फिर साबित किया और शतकीय पारी खेलते हुए पाकिस्तान को जीत दिलायी। फखर को उनकी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मैच के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान फखर ने कहा, "मेरे पिछले 4 मैच अच्छे नहीं रहे थे, इसलिए मुझे लगा कि फाइनल में अच्छा प्रदर्शन करना चाहिए। मैं पूरी कोशिश कर रहा था। क्रिकेट एक ऐसा खेल है जिसमें कभी-कभी आप बहुत अच्छे टच में होते हैं, लेकिन रन नहीं बनते। इस पारी में भी शुरुआत में, मैं थोड़ा संघर्ष कर रहा था, लेकिन किस्मत से रन बने, और यह मेरे लिए अच्छी बात है। जब भी कोई फाइनल होता है, तो मैं रन बनाता हूं।"
विकेटकीपर बल्लेबाज साद बेग के साथ साझेदारी पर फखर ने कहा, "मैंने उनके साथ घरेलू क्रिकेट खेला है। वह बहुत प्रतिभावान खिलाड़ी हैं। जब मैं संघर्ष कर रहा था, तो उन्होंने तेजी से रन बनाए। इससे मुझे टाइम लेने का मौका मिला। अगर वह भी मेरी तरह धीरे खेलते, तो शायद मैं कुछ और मौके लेने की कोशिश करता, और अगर आप उन मौकों का फायदा उठाते हैं, तो आप अपना विकेट गंवा सकते हैं। इसलिए जिस तरह से उन्होंने शुरुआत की और जिस तरह से अपनी पारी को आगे बढ़ाया, उसका श्रेय उन्हें जाता है। मेरे हिसाब से, उनकी पारी मैच की श्रेष्ठ पारी थी।"
पिछले 4 मैचों में फ्लॉप रहने के बावजूद फाइनल में 300 से ऊपर के लक्ष्य को हासिल करने के मानसिक दबाव पर बाएं हाथ के इस ओपनर ने कहा, "मैंने अब इतना क्रिकेट खेल लिया है कि मुझे पता है कि जब मेरा दिन होगा और बॉल मेरे बैट पर अच्छी तरह आने लगेगी, तो मैं बड़ा स्कोर करूंगा। मैं बस उस पल का इंतजार कर रहा था। मैंने पिछले चार मैचों की तरह कुछ खास अलग नहीं किया। मैंने इस गेम के लिए बिल्कुल उसी तरह तैयारी की थी। लेकिन, जब आप रन बनाते हैं, तो फिर मानसिक तैयारी और फिटनेस की बात होने लगती है। मैंने इस मैच के लिए उसी तरह तैयारी की जैसे मैंने दूसरे गेम्स के लिए की थी। खुशकिस्मती से, आज रन बने। जब आप फाइनल में रन बनाते हैं, तो ज्यादा खुशी होती है। मैं खुशकिस्मत हूं कि मैं फाइनल में रन बना पाया।"
फाइनल में जीत के लिए पाकिस्तान को श्रीलंका ने 326 रन का लक्ष्य दिया था। पाकिस्तान 14 रन पर 2 विकेट गंवाकर मुश्किल में थी, लेकिन फखर ने साद बेग के साथ तीसरे विकेट के लिए 149 रन जोड़े टीम के लिए जीत की बुनियाद रखी। साद ने 75 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 74 रन बनाए। फखर ने अपने वनडे करियर का 12वां शतक लगाया। उन्होंने 99 गेंदों पर 6 छक्कों और 11 चौकों की मदद से 127 रन की पारी खेली और टीम को चैंपियन बनाने में यादगार भूमिका निभाई। अराफात मिन्हास ने भी 31 गेंदों पर 61 रन की अहम पारी खेली। पाकिस्तान ने 48.3 ओवर में 7 विकेट पर 331 रन बनाकर मैच 3 विकेट से जीता।
--आईएएनएस
पीएके