×

खेल मंत्री मांडविया ने मुंबई में फिट इंडिया साइक्लोथॉन 'साइक्लिंग बाय द सी' का नेतृत्व किया

 

मुंबई, 17 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया अभियान के माध्यम से एक फिट, स्वस्थ और सक्रिय देश बनाने के सपने को साकार करने की दिशा में केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को वर्ली तटीय साइकिल ट्रैक पर फिट इंडिया साइक्लोथॉन – 'साइक्लिंग बाय द सी' का नेतृत्व किया।

मांडविया ने साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाई और साइकिल रैली में हिस्सा लेने वालों के साथ शामिल हुए, जिसमें उन्होंने फिटनेस को लोगों का अभियान बनाने और सक्रिय और हेल्दी लाइफस्टाइल के जरिए विकसित भारत के सपने को आगे बढ़ाने के सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।

खेल मंत्री ने अपने संबोधन में कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा फिटनेस को विकसित भारत की नींव बताया है। फिट इंडिया अभियान देश भर के लोगों को स्वस्थ जिंदगी अपनाने और फिटनेस को अपने दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित कर रहा है।"

साइकिलिंग के महत्व पर जोर देते मांडविया ने कहा, "पश्चिम एशिया के मुश्किल हालात से पैदा हुई इंधन आपूर्ति की चिंताओं को देखते हुए, साइकिलिंग को परिवहन के माध्यम तरीके के तौर पर बढ़ावा देने की जरूरत है। साइकिलिंग न सिर्फ निजी सेहत के लिए फायदेमंद है, बल्कि पर्यावरण और ऊर्जा का संरक्षण करने में भी मदद करती है।"

मांडविया ने कहा कि फिट इंडिया अभियान में पिछले दो सालों में लाखों लोगों ने जोश के साथ हिस्सा लिया है। यह देश भर में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की बढ़ती संस्कृति को जगाता है।

फिटनेस को राष्ट्र के विकास के लिए अहम बताते हुए मांडविया ने कहा कि एक फिट नागरिक स्वस्थ समाज में योगदान देता है, और एक स्वस्थ समाज ही एक खुशहाल देश की नींव है, इसलिए विकसित भारत के लिए फिटनेस बेहद अहम है।

कार्यक्रम में फिल्म अभिनेता जैकी श्रॉफ, ताहा शाह बाबादुशा, और ऐश्वर्या राज भाकुनी के साथ-साथ ओलंपिक पहलवान और डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस नरसिंह यादव जैसे लोकप्रिय सितारे शामिल हुए।

फिट इंडिया साइक्लोथॉन, युवा मामले और खेल मंत्रालय की सक्रिय जिंदगी को बढ़ावा देने और नियमित शारीरिक सक्रियता के महत्व के बारे में बड़े पैमाने पर जागरूकता पैदा करने की चल रही कोशिशों का हिस्सा है। ऐसी पहलों के जरिए, सरकार का मकसद 2047 तक विकसित भारत की ओर यात्रा को और तेज करना है।

--आईएएनएस

पीएके