×

खेल मंत्री मांडविया ने जारी किया 'श्रीनगर खेल संकल्प'

 

श्रीनगर, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। श्रीनगर में आयोजित तीन-दिवसीय चिंतन शिविर के अंतिम दिन डॉ. मनसुख मांडविया ने राज्यों के खेल मंत्रियों और खेल जगत की प्रमुख हस्तियों के साथ मिलकर 'श्रीनगर खेल संकल्प' दस्तावेज जारी किया।

यह दस्तावेज सहकारी संघवाद के जरिए से खेल संस्कृति को सुदृढ़ करने के लिए एक सामूहिक राष्ट्रीय दृष्टिकोण की रूपरेखा प्रस्तुत करता है। इसमें एथलीट-केंद्रित विकास, खेल अवसंरचना के विस्तार, प्रतिभा की पहचान, क्षेत्रीय खेल समूहों के विकास और एकता, युवा सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, पर्यटन और आर्थिक विकास के लिए खेलों का लाभ उठाने पर विशेष जोर दिया गया है। यह दस्तावेज प्रमुख वैश्विक खेल आयोजनों की मेजबानी करने की भारत की आकांक्षा की भी पुनः पुष्टि करता है।

श्रीनगर खेल संकल्प केंद्र, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के एक साझा संकल्प को दर्शाता है, जिसका उद्देश्य खेलों को राष्ट्र-निर्माण के केंद्र में रखना है। यह संकल्प सामाजिक एकता को बढ़ावा देने, समुदायों को मजबूत करने और एक स्वस्थ, अधिक सशक्त पीढ़ी को गढ़ने में खेलों की भूमिका को मान्यता देता है। यह एक सहयोगात्मक और एथलीट-केंद्रित दृष्टिकोण पर जोर देता है, जहां सरकारें और खेल निकाय तालमेल बिठाकर काम करते हैं, वे अपने प्रयासों और संसाधनों को इस तरह संरेखित करते हैं कि पूरे देश के एथलीट्स के लिए एक सुगम और सहायक वातावरण तैयार हो सके।

संकल्प में भारत की विविधता को ताकत के रूप में इस्तेमाल करने के महत्व पर भी जोर दिया गया है। इसमें राज्यों को प्रोत्साहित किया गया है कि वे अपनी भौगोलिक, सांस्कृतिक और क्षेत्रीय विशेषताओं के अनुसार खेल ढांचा विकसित करें, प्रतिभाओं की पहचान करें और मजबूत खेल इकोसिस्टम तैयार करें।

इसके साथ ही खेलों को सामाजिक-आर्थिक विकास का प्रमुख माध्यम बताया गया है। इसमें कहा गया है कि खेल पर्यटन को बढ़ावा दे सकते हैं, रोजगार के नए अवसर पैदा कर सकते हैं, स्थानीय उद्योगों को मजबूत बना सकते हैं और भारत को ओलंपिक गेम्स और फीफा वर्ल्ड कप जैसे बड़े वैश्विक आयोजनों की मेजबानी के सपने को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ा सकते हैं।

चिंतन शिविर के अंतिम दिन की शुरुआत 'फिट इंडिया' के 'संडे ऑन साइकिल' साइक्लोथॉन के साथ हुई। इसका नेतृत्व केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और राज्य मंत्री (एमओएस) श्रीमती रक्षा खडसे ने किया, जिसने फिटनेस, अनुशासन और जन-भागीदारी के संदेश को और अधिक सुदृढ़ किया।

--आईएएनएस

आरएसजी