×

लालू-राबड़ी की सुरक्षा को मृत्युंजय तिवारी ने बताया अत्यंत निंदनीय, खान सर मामले पर भी दी प्रतिक्रिया

 

नई दिल्ली, 7 जून (आईएएनएस)। खान सर के मामले पर राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि कानून को अपना काम करना चाहिए। जो दोषी है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। जिसने भी कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश की है, उसके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जानी चाहिए।

लालू यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा को लेकर मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि यह अत्यंत निंदनीय है। सरकार को उनसे माफी मांगनी चाहिए। लालू यादव देश के बड़े नेता, गरीबों के मसीहा और सामाजिक न्याय के पुरोधा हैं। ऐसे में उनके साथ इस तरह अपमानित करने वाला व्यवहार कतई मंजूर नहीं है। इसको लेकर सरकार को कठिनाई हो जाएगी।

'इंडी' गठबंधन की 8 जून को होने वाली बैठक पर मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि गठबंधन की राजनीति में सबका जुड़ाव रहता है। कभी-कभी किसी की ओर से अपनी बातों को लेकर सवाल खड़े किए जाते हैं। लेकिन 'इंडिया' ब्लॉक में शामिल दलों का मुद्दा तानाशाही सरकार को हटाने का है। इनके खिलाफ हल्लाबोल करना है। देश की जनता परेशान है। संविधान, लोकतंत्र और देश को बचाना है। मुझे विश्वास है कि इसकी लड़ाई के लिए सब लोग एकजुट रहेंगे। जो भी नाराज है उनकी नाराजगी दूर कर दी जाएगी।

सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि यह साबित हो गया है कि एनडीए की सरकार को आम लोगों की चिंता नहीं है। जब-जब भाजपा आती है तो कमरतोड़ महंगाई लाती है। गैस सिलेंडर का दाम बढ़ने से सीधे रसोई घरों पर असर पड़ेगा। हमारी माताओं-बहनों की आंखों में आंसू हैं। जो लोग सिर पर सिलेंडर लेकर घूम रहे थे, वे बताएं कि आसमान छू रही महंगाई पर चुप क्यों हैं? ये सरकार अब कितना जनता को परेशान करेगी।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से युवाओं को लेकर दिए गए बयान पर मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि युवाओं को कठपुतली अगर कोई समझ रहा है तो यह मुझे नहीं पता। लेकिन इस देश का इतिहास रहा है कि जयप्रकाश के आंदोलन में युवाओं ने किस तरह भागीदारी निभाई थी। जेपी आंदोलन कोई नहीं भूला है।

--आईएएनएस

एसडी/एएस