खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान, डेयरी उत्पादों की जांच तेज
ग्रेटर नोएडा, 27 मई (आईएएनएस)। गौतमबुद्ध नगर में ग्रीष्म ऋतु के दौरान लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। विभाग द्वारा जनपद में विशेष अभियान चलाकर आइसक्रीम, डेयरी उत्पादों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। इसी क्रम में को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने दो प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश लखनऊ तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में विशेष जांच अभियान संचालित किया जा रहा है। गर्मी के मौसम में आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक्स और डेयरी उत्पादों की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में मिलावटी या मानकविहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विभाग पूरी सतर्कता बरत रहा है।
उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार और विजय बहादुर पटेल की टीम ने ग्रेटर नोएडा स्थित डेरी फन ब्रांड की निर्माण इकाई पर निरीक्षण किया। यहां से फ्रोज़न डेजर्ट का एक नमूना जांच के लिए लिया गया। इसके अलावा सेक्टर-104 हाजीपुर स्थित बीएसआर फूड एंड बेवरेज प्रतिष्ठान से ज्ञानी ब्रांड आइसक्रीम का एक नमूना संग्रहित किया गया।
दोनों नमूनों को प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, जहां उनकी गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप जांच की जाएगी। विभाग ने हाल ही में हलाल प्रमाणन युक्त खाद्य पदार्थों की बिक्री की शिकायतों को भी गंभीरता से लिया है। इसी के तहत जनपद के विभिन्न स्टोरों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार मंगलवार को की गई जांच के दौरान किसी भी प्रतिष्ठान पर हलाल प्रमाणन युक्त खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं पाई गई। सहायक आयुक्त सर्वेश मिश्रा ने कहा कि विभाग की प्राथमिकता आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इसी प्रकार अभियान जारी रहेगा और मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी