☰
×

खड़गे की विवादित टिप्पणी को लेकर भाजपा हमलावर, पवन खेड़ा बोले- हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष की बार-बार हो रही बदतमीजी

 

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा ने इसके विरोध में प्रदर्शन का ऐलान किया है। वहीं, कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य पवन खेड़ा का कहना है कि उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ बार-बार बदतमीजी की जा रही है।

मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि जिस तरह कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी के पिता को लेकर अमर्यादित टिप्पणी की है, उसकी जितनी निंदा की जाए, कम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के युवराज भी प्रधानमंत्री मोदी की मां को लेकर अमर्यादित टिप्पणियां करते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह कोई भूल नहीं है, बल्कि एक सोची-समझी रणनीति के तहत इस तरह की हरकतें की जाती हैं। इनकी जनता के बीच से जमीन खिसक चुकी है और उसे वापस पाने के लिए ये लोग इस तरह की टिप्पणियां करते रहते हैं। देश की जनता सब देख रही है और उन्हें इसका जवाब देगी।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी और उनके पिता को लेकर बेहद शर्मनाक और ओछी टिप्पणी की है। क्या कांग्रेस अध्यक्ष और कांग्रेस का स्तर अब यहां तक पहुंच गया है? कांग्रेस बार-बार चुनाव हारती है, चुनाव प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं पर हमला करती है, सेना पर आरोप लगाती है, संसद की मर्यादा का उल्लंघन करती है और यहां तक कि सुप्रीम कोर्ट का घेराव करने की कोशिश भी करती है। अब इनके राष्ट्रीय अध्यक्ष इस तरह की ओछी टिप्पणी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि क्या राहुल गांधी और सोनिया गांधी माफी मांगकर देश को कोई संदेश देंगे? हालांकि मुझे ऐसी उम्मीद नहीं है। जितना इन लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ जहर उगला है और अमर्यादित टिप्पणियां की हैं, जनता ने उतना ही करारा जवाब दिया है।

बिहार भाजपा के नेता मृत्युंजय तिवारी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि खड़गे की उम्र हो गई है। उनका मानसिक संतुलन ठीक नहीं लगता। कभी प्रधानमंत्री की मां पर अभद्र टिप्पणी की जाती है तो कभी उनके पिता को लेकर बयान दिए जाते हैं। आखिर कांग्रेस चाहती क्या है? वह सत्ता नहीं मिलने की भड़ास निकाल रही है। कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए वरना पार्टी मिट्टी में मिल जाएगी। कांग्रेस के कार्यकर्ता ही कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की पिटाई कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस देख रही है कि उसका कोई भी आंदोलन सफल नहीं हो रहा है, इसलिए वह प्रधानमंत्री के पिता को लेकर अभद्र टिप्पणी कर रही है। उन्हें 24 घंटे के भीतर माफी मांग लेनी चाहिए। ये लोग वोट चोरी की बात करते हैं, लेकिन जिनका वोट चोरी हुआ है, उन्हें सामने लेकर ही नहीं आ पा रहे हैं।

भाजपा नेता शाजिया इल्मी ने कहा कि क्या खड़गे जी की प्रधानमंत्री मोदी के साथ कोई व्यक्तिगत दुश्मनी है? यह तो एक राजनीतिक लड़ाई है, फिर उनके परिवार को क्यों घसीटा जा रहा है? प्रधानमंत्री मोदी की मां के खिलाफ कैसी-कैसी बातें कही गईं, उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की गईं और अब उनके पिता पर इस तरह की टिप्पणी की जा रही है। इससे ज्यादा ओछी और भद्दी बात क्या हो सकती है कि आप अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ इतनी गंदी भाषा और दुर्भावना रखें? कोई भी इसका समर्थन नहीं करेगा। मुझे नहीं लगता कि कांग्रेस के नेता और समर्थक भी इसका समर्थन कर रहे होंगे।

हालांकि सांसद पवन खेड़ा का कहना है कि पहले उत्तराखंड में खड़गे के भाषण वाले मंच का शुद्धिकरण किया गया और अब बिहार में जब वह भाषण दे रहे थे, तब भाजपा का एक कार्यकर्ता खड़ा होकर बदतमीजी करने लगा। उसने खड़गे से कहा कि आपका बाप भी आ जाएगा, तब भी मोदी नहीं हारेगा। इसके जवाब में खड़गे ने मजबूती से कहा कि मोदी तो जाएंगे ही, लेकिन उनके वैचारिक पिता आरएसएस भी जाएगा। यह देश अब भाजपा और आरएसएस से मुक्ति के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ जो बार-बार बदतमीजी हो रही है, उससे देश का हर संवेदनशील व्यक्ति आहत है। देश में यदि कोई सबसे वरिष्ठ नेता है तो वह खड़गे हैं और उनके साथ बार-बार अभद्र व्यवहार किया जा रहा है।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी