केतन अग्रवाल मर्डर केस: CCTV फुटेज से जुड़ेंगे सबूत, आरोपी चेतन को फिर ले गई पुलिस; वायरल हुआ प्री-वेडिंग वीडियो
पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पुलिस लगातार नए साक्ष्य जुटाने में लगी है। बुधवार को पुलिस मुख्य आरोपी चेतन चौधरी को एक बार फिर लोहगढ़ किला लेकर पहुंची, जहां हत्या से जुड़े घटनाक्रम को दोबारा जांचा गया। पुलिस का उद्देश्य घटनास्थल से मिले सीसीटीवी फुटेज और आरोपी की गतिविधियों का मिलान करना है।
हुडी पहनकर चलवाया गया चेतन
पुलिस के अनुसार, 18 जून को हत्या वाले दिन किले के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में एक व्यक्ति हुडी पहनकर जाता हुआ दिखाई दिया था। जांच एजेंसियों को संदेह है कि यह व्यक्ति चेतन चौधरी हो सकता है।इसी कड़ी में बुधवार सुबह पुलिस चेतन को लोहगढ़ किले पर लेकर गई और उसे हुडी पहनाकर चलवाया गया। इस दौरान उसकी बॉडी लैंग्वेज, चलने का तरीका और हाव-भाव रिकॉर्ड किए गए। अब इन रिकॉर्डिंग का सीसीटीवी फुटेज से मिलान किया जाएगा, ताकि यह पुष्टि हो सके कि फुटेज में दिखाई देने वाला व्यक्ति चेतन ही था या नहीं।
पहले भी कराया गया था सीन रीक्रिएट
इससे पहले पुलिस सिया गोयल और केतन अग्रवाल को लेकर घटनास्थल पर पहुंची थी, जहां कथित तौर पर धक्का देने की घटना का सीन रीक्रिएट कराया गया था। जांच अधिकारी घटनाक्रम की हर कड़ी को जोड़कर हत्या की पूरी साजिश को समझने का प्रयास कर रहे हैं।
प्री-वेडिंग फंक्शन का वीडियो वायरल
इस बीच, सोशल मीडिया पर सिया गोयल और चेतन चौधरी के एक प्री-वेडिंग समारोह का वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों परिवारों के सदस्य 'बस आज की रात है जिंदगी, कल हम कहां तुम कहां' गीत पर डांस करते दिखाई दे रहे हैं।हालांकि, यह वीडियो जांच का हिस्सा है या नहीं, इस पर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।
3 जुलाई तक पुलिस हिरासत में आरोपी
फिलहाल, इस मामले में गिरफ्तार सिया गोयल और चेतन चौधरी को अदालत ने 3 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज रखा है। पुलिस दोनों से लगातार पूछताछ कर रही है और तकनीकी एवं फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले सबूत और पूछताछ से प्राप्त जानकारी के आधार पर मामले की सच्चाई सामने लाने की कोशिश की जा रही है।