×

केरल में कांग्रेस की बढ़त पर सचिन पायलट ने जताई खुशी, पश्चिम बंगाल के नतीजों को बताया 'चौंकाने वाला'

 

दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के विधानसभा चुनाव नतीजों को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने कहा कि केरल के चुनाव में हमारा स्ट्राइक रेट काफी अच्छा रहा है। हम एक बड़ी और ऐतिहासिक जीत की तरफ जा रहे हैं।

दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए सचिन पायलट ने कहा कि केरल में हमारे कार्यकर्ताओं ने बड़ी मेहनत की थी। लोग वहां की सरकार से छुटकारा पाना चाहते थे। इस जीत का पूरा श्रेय केरल के हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं को जाता है। वामपंथ की सरकार केवल केरल में बची थी, मुझे लगता है कि अब वहां भी सरकार नहीं बन पाएगी।

उन्होंने कहा कि हमारा परफॉर्मेंस अच्छा रहा, स्ट्राइक रेट अच्छी रही। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केरल में चुनाव प्रचार किया था, जिसके नतीजे हमें देखने को मिल रहे हैं।

अन्य राज्यों के नतीजों पर उन्होंने कहा कि ये चौंकाने वाले नतीजे हैं। हमें अभी और इंतजार करना चाहिए। असम और पश्चिम बंगाल में हम उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं, जितना हम उम्मीद कर रहे थे, लेकिन अब इस पर चर्चा जरूर करेंगे। पश्चिम बंगाल में पिछली बार हमारा खाता भी नहीं खुला था। वहां हम कुछ सीटें जीत सकते हैं, लेकिन भाजपा की बढ़त अजीब मामला है।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में कई तरह के सवाल उठाए गए हैं। कोई भी राज्य हो, जहां भी सवाल उठाए जा रहे हैं, उनकी बातें सुनी जानी चाहिए। आरोप-प्रत्यारोप की बात नहीं है, लेकिन अगर किसी मतदाता या पार्टी को कोई संदेह है तो उन्हें दूर करना चाहिए। यह प्रजातंत्र और लोकतंत्र के लिए बहुत जरूरी है।

सचिन पायलट ने कहा कि केरल में भाजपा ने कोई कसर नहीं छोड़ी थी। वह लेफ्ट को भरपूर सहयोग कर रहे थे। बीजेपी की कोशिश यह थी कि कांग्रेस को रोका जाए, लेकिन इसमें वे कामयाब नहीं हो पाए।

तमिलनाडु के चुनाव नतीजों पर उन्होंने कहा कि वहां के लोग बदलाव चाहते होंगे, इसलिए एक नए दल को इतनी सीटें मिल रही हैं। तमिलनाडु का इतिहास रहा है कि वहां बदलाव होते रहते हैं।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम