केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल का दावा-असम में भाजपा 100 से ज्यादा सीटें जीतेगी
गुवाहाटी, 27 मार्च (आईएएनएस)। असम विधानसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शुक्रवार को दावा किया कि भाजपा असम में तीसरी बार सरकार बनाने की राह पर है और आने वाले विधानसभा चुनावों में 100 से ज्यादा सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने राज्य के लिए ऐतिहासिक फैसले लिए हैं।
दक्षिणी असम के कछार जिले में बोरखोला विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सोनोवाल ने कहा कि भाजपा के शासन और विकास की पहलों ने पूरे राज्य में लोगों का भरोसा मजबूत किया है।
सोनोवाल ने कहा, "भाजपा असम में आसानी से सरकार बनाएगी और हमें पूरा भरोसा है कि हम 100 से ज़्यादा सीटें जीतेंगे। लोगों ने हमारा काम देखा है और हमारे नेतृत्व पर उन्हें पूरा भरोसा है।"
उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार में असम में काफी बदलाव आया है, जो पिछली सरकारों से बिल्कुल अलग है।
उन्होंने कहा, "असम के विकास और उसकी पहचान के लिए ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। लोग अब अस्थिरता और भ्रष्टाचार नहीं चाहते बल्कि विकास और सुशासन चाहते हैं।"
सोनोवाल ने राज्य और केंद्र सरकारों द्वारा शुरू की गई कई पहलों पर रोशनी डालते हुए कहा कि ये कोशिशें जमीनी स्तर तक पहुंची हैं और इनसे नागरिकों का जीवन बेहतर हुआ है।
राजनीतिक हालात का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि विपक्षी पार्टियों के पास न कोई दिशा है और न ही लोगों का समर्थन जबकि भाजपा बराक घाटी समेत सभी इलाकों में अपना जनाधार लगातार बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा, "बोरखोला जैसी जगहों पर लोगों का जबरदस्त समर्थन इस बात का सबूत है कि उन्हें भाजपा पर कितना भरोसा है। हम असम को तरक्की की राह पर आगे ले जाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।"
केंद्रीय मंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से चुनावों से पहले लोगों तक पहुंचने की अपनी कोशिशों को और तेज करने की अपील की और बूथ स्तर पर मतदाताओं से जुड़ने के महत्व पर जोर दिया।
इस रैली में पार्टी के वरिष्ठ नेता और स्थानीय उम्मीदवार भी मौजूद थे, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी समर्थक शामिल हुए। असम विधानसभा चुनावों में कई पार्टियों के बीच कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है, जहां भाजपा एक बार फिर सत्ता में वापसी करने का दम भर रही है तो वहीं, दूसरी तरफ विपक्षी पार्टियां भाजपा की बादशाहत को चुनौती देने की तैयारी में हैं।
--आईएएनएस
डीकेएम/पीएम