केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने किया आईआईएम बोधगया का दौरा, 400 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास
बोधगया, 22 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने रविवार को बिहार के बोधगया स्थित आईआईएम का दौरा किया। उन्होंने यहां 400 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं में हॉस्टल, एक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और एक कैंटीन शामिल हैं। उन्होंने 300 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना का उद्घाटन भी किया।
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज हमने 400 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास किया है। उन्होंने कहा, "आज यहां 300 मेगावाट का एक नया ग्राउंड-माउंटेड सोलर प्लांट शुरू हो रहा है। इससे बिजली का बिल कम होता है। एसबीआई फाउंडेशन ने इसे आर्थिक मदद और समर्थन दिया है। मैं एसबीआई प्रबंधन को भी धन्यवाद देता हूं।"
उन्होंने कहा कि इससे उत्सर्जन कम होता है, जो पर्यावरण के लिए अच्छा है। इसके अलावा, जैसा कि हमने 'प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना' के तहत देखा है, जिसमें घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जाते हैं, मोदी जी के नेतृत्व में पिछले दो वर्षों में देश भर में लगभग 67 लाख इंस्टॉलेशन हुए हैं। इनमें से 21 लाख परिवारों का बिजली बिल शून्य आ रहा है। इसका मतलब यह है कि जो बिजली की बचत होती है, उससे पर्यावरण के लिए भी सहयोग मिलता है।
प्रह्लाद जोशी ने कहा कि बोधगया स्थित आईआईएम की शुरुआत 2015 में हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदृष्टि के कारण देशभर में बहुत सारे उच्च शिक्षा संस्थान शुरू किए गए, चाहे एम्स हो, आईआईएम हो या आईआईटी। इनमें बोधगया क्षेत्र का आईआईएम भी शामिल है। 10 साल में इसकी प्रगति से संतोष और आनंद महसूस होता है। यहां शुरुआत में 30 छात्र थे और आज 600 से अधिक छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। यह एनआईआरएफ रैंकिंग में देश में 31वें स्थान पर आता है।
उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि आईआईएम बोधगया भविष्य में पूरे देश में पहला स्थान हासिल करेगा। यह दुनिया में भी क्यूएस रैंकिंग में शीर्ष पर आएगा।
--आईएएनएस
डीसीएच/