केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मातृ दिवस पर उत्तर मुंबई में बांटी गर्भवती पोषण किट
नई दिल्ली, 10 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को मातृ दिवस पर उत्तर मुंबई में गर्भवती पोषण किट का वितरण किया।
इस दौरान गोयल ने कहा कि इस किट में हर उस जरूरत की चीज का ध्यान रखा गया है जो गर्भावस्था के आखिरी के दिनों में एक माता और बहन के लिए आवश्यक होती है। इसमें बच्चे के शुरुआती दिनों की जरूरी का ध्यान रखा गया है। इससे बच्चा और मां दोनों सेहतमंद रहेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि इस कल्पना को आगे बढ़ाते हुए हम पूरे उत्तर मुंबई के अलग-अलग इलाकों में इस किट को बांटेंगे, ताकि किसी भी निम्न-मध्यम परिवारों की मां और बहनों को कोई समस्या न हो।
गोयल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हम निम्न-मध्यम परिवारों की मां और बहनों को पोषण के आधार पर तैयार की हुई किट दे रहे हैं। हर महीने यह किट दी जाएगी, जिससे मां और बच्चा दोनों तंदुरुस्त रहे। इस कार्यक्रम को पूरे उत्तर मुंबई में चलाया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने कार्यक्रम के दौरान कहा कि हमारी माताएं और बहनें हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं और लक्ष्मी और मां दुर्गा का स्वरूप हैं इसलिए कोई गलत काम करे तो उसे हमारी माताएं-बहनें छोड़ेंगी नहीं। आप हर स्वरूप में देश के निर्माण में जो योगदान दे रही हैं, मैं उसका वंदन करता हूं।
इससे पहले गोयल ने इंडियन चैंबर ऑफ फूड एंड एग्रीकल्चर के अध्यक्ष डॉ. एमजे खान के साथ बैठक की और देश के किसानों के जीवन स्तर को और बेहतर बनाने की पहलों पर चर्चा की, साथ ही वैश्विक दक्षिण के विकास को बढ़ावा देने के लक्ष्य के तहत अफ्रीकी देशों के साथ भारत की कृषि विशेषज्ञता को साझा करने पर भी विचार-विमर्श किया।
खान जाने माने भारतीय कृषि विशेषज्ञ और नीति विश्लेषक हैं। वे कृषि व्यवसाय, कृषि नीतियों और सतत विकास के क्षेत्र में एक अग्रणी आवाज हैं, जिन्होंने जैविक खेती पर राष्ट्रीय नीति और वैश्विक कृषि नेतृत्व शिखर सम्मेलन जैसी पहलों का नेतृत्व किया है।
--आईएएनएस
एबीएस/