×

अमित शाह और जेपी नड्डा से मिले जमा खान, भभुआ रोड स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव की उठाई मांग

 

नई दिल्ली, 12 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमा खान ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान बिहार के विकास, जनहित से जुड़े मुद्दों और राज्य की प्रगति को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

मंत्री मो. जमा खान ने केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय के जरिए बिहार के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों को दोनों केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष रखा। उन्होंने राज्य के विकास कार्यों में केंद्र सरकार के सहयोग की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

मुलाकात के दौरान जमा खान ने कैमूर जिले के भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि भभुआ रोड रेलवे स्टेशन क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण रेलवे केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे में राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव से स्थानीय यात्रियों, व्यापारियों और आम लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि ट्रेन के ठहराव से न केवल यात्रियों को लाभ होगा बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने इस संबंध में केंद्र सरकार से सकारात्मक पहल करने का अनुरोध किया।

वहीं, दूसरी तरफ बुधवार को जदयू के सांसदों ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री सह राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार से दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर मुलाकात की। इस अवसर पर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा भी उपस्थित रहे।

मुलाकात के दौरान नीतीश कुमार ने पार्टी सांसदों से सदन में उठाए जा रहे जनहित एवं बिहार के विकास जुडे़ महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने सांसदों से उनके संसदीय क्षेत्रों में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर भी विस्तृत फीडबैक प्राप्त किया।

जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार की सांसदों संग हुई यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी