×

देश की विदेश नीति विफल, किसानों की अनदेखी कर रही सरकार: अखिलेश यादव

 

लखनऊ, 24 मार्च (आईएएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की विदेश नीति विफल हो चुकी है और सरकार किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के फैसलों से देश की आर्थिक और सामाजिक स्थिति कमजोर हो रही है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को एक कार्यक्रम में केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार की कूटनीति पूरी तरह विफल साबित हुई है। आज भारत की विदेश नीति पर बाहरी प्रभाव बढ़ रहा है और सरकार अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर प्रभावी भूमिका निभाने में असफल रही है।

सपा मुखिया ने कहा कि सरकार किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है और विदेशी देशों के साथ व्यापारिक समझौते कर देश के बाजार को बाहरी ताकतों के लिए खोल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सब कुछ विदेश से आयात होगा, तो देश के किसानों का भविष्य क्या होगा।

अखिलेश यादव ने “विश्वगुरु” की अवधारणा पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि भारत वास्तव में इस भूमिका में होता, तो वैश्विक संघर्षों को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाता। उन्होंने कहा कि सरकार को अंतरराष्ट्रीय संकटों में अपनी स्पष्ट और प्रभावी भूमिका दिखानी चाहिए थी। महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि आम आदमी रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि एलपीजी सिलेंडर के वजन में कटौती की जा रही है, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि सत्तारूढ़ दल विपक्ष को बदनाम करने और उसे झूठे मामलों में फंसाने का काम कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो चुकी है और आम लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है। धार्मिक मुद्दों पर उन्होंने कहा कि शंकराचार्य के साथ कथित तौर पर किया गया व्यवहार निंदनीय है और सरकार को इस पर आत्ममंथन करना चाहिए। परंपराओं और धार्मिक आस्थाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।

राजनीतिक कटुता पर टिप्पणी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की नीतियों के कारण राजनीतिक वातावरण में तनाव बढ़ा है और विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई द्वेषपूर्ण तरीके से की जा रही है। उन्होंने कई विपक्षी नेताओं के खिलाफ दर्ज मामलों का उल्लेख करते हुए इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया।

उन्‍होंने चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हुए कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाने और चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने आयोग से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

अखिलेश यादव ने कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में विपक्ष एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा और उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय के एजेंडे के साथ जनता का समर्थन हासिल करेगी।

--आईएएनएस

विकेटी/एएसएच