केजरीवाल को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी, मांगे 7 करोड़ रुपये; बेटी को भी जान से मारने की चेतावनी, AAP विधायक ने दर्ज कराई FIR
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताने वाले एक अज्ञात व्यक्ति ने केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देते हुए 7 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। इस घटना के सामने आने के बाद राजनीतिक और सुरक्षा हलकों में हलचल मच गई है।
मामले में दिल्ली के तिलक नगर से AAP विधायक जरनैल सिंह ने मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर मोहाली के साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है।
विधायक जरनैल सिंह को आया धमकी भरा फोन
शिकायत के मुताबिक, 6 नवंबर को विधायक जरनैल सिंह ने मोहाली के SSP को बताया कि उनके निजी मोबाइल नंबर पर एक कॉल आई थी। इसके बाद उसी नंबर से व्हाट्सएप पर धमकी भरा संदेश भी भेजा गया। आरोपी के व्हाट्सएप प्रोफाइल पर 'H' नाम दिखाई दे रहा था।
कॉल करने वाले ने कथित तौर पर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और विधायक से कहा कि अरविंद केजरीवाल तक 7 करोड़ रुपये देने का संदेश पहुंचा दें। आरोपी ने रकम नहीं मिलने पर केजरीवाल और उनकी बेटी की हत्या करने की धमकी भी दी।
व्हाट्सएप मैसेज में भी दोहराई रंगदारी की मांग
विधायक की शिकायत के अनुसार, आरोपी ने फोन पर धमकी देने के बाद व्हाट्सएप पर लिखित संदेश भेजकर भी 7 करोड़ रुपये की मांग दोहराई। जरनैल सिंह ने पुलिस को धमकी भरे मैसेज का स्क्रीनशॉट भी सौंपा है।
विधायक ने इसे गंभीर आपराधिक मामला बताते हुए आरोपी और उसके साथियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने की मांग की है।
BNS और IT एक्ट की धाराओं में FIR दर्ज
मोहाली पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(4), 351(2), 351(3), 351(4), 111(2) और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मामला दर्ज किया है। केस की जांच साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है।
कॉल डिटेल और लोकेशन खंगाल रही पुलिस
विधायक जरनैल सिंह ने पुलिस से आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), IP लॉग और लोकेशन की जांच कराने की मांग की है। इसके साथ ही धमकी देने वाले व्यक्ति के साथ जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और केजरीवाल व उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह भी किया गया है।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि धमकी देने वाला व्यक्ति वास्तव में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है या फिर गैंग के नाम का इस्तेमाल करके रंगदारी वसूलने की कोशिश कर रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपी की असली पहचान और उसके नेटवर्क के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।