कीव में रूसी बैलिस्टिक मिसाइल हमलों में दो की मौत, जेलेंस्की बोले-दबाव बिना युद्ध खत्म नहीं करेगा रूस
कीव, 24 सितंबर (आईएएनएस)। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि दबाव के बिना रूस युद्ध खत्म नहीं करेगा। रूस ने बुधवार रात कीव पर फिर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया। जेलेंस्की ने बताया कि यह हमला ठीक उस समय हुआ, जब हम अमेरिकी कांग्रेस के सदस्यों के साथ बैठक कर रहे थे। हमले में अब तक दो लोगों की मौत की खबर है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट पर हमले की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, ''जब हम अमेरिकी कांग्रेस के सदस्यों के साथ बैठक कर रहे थे और लिंडसे ग्राहम कानून तथा पाबंदियों को और कड़ा करने की जरूरत पर चर्चा कर रहे थे, उसी समय रूस ने कीव पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया। दबाव के बिना रूस इस युद्ध को खत्म नहीं करेगा।''
जेलेंस्की ने बताया, जब लोग सो रहे थे, तब धमाकों की चमक से आसमान रोशन हो गया। एक बार फिर हमले में मुख्य रूप से कीव और आम नागरिकों से जुड़े बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया। रिहायशी इमारतों, एक मैटरनिटी अस्पताल, ऊर्जा से जुड़े ढांचे और लॉजिस्टिक्स ठिकानों पर भी हमला हुआ।
उन्होंने बताया अब तक दो लोगों की मौत की खबर है। उनके परिवार और करीबियों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। कुछ लोग घायल भी हुए हैं। इमरजेंसी सेवाएं मौके पर काम कर रही हैं और एक इमारत में कुछ लोग फंसे हुए हैं। देश के कुछ इलाकों में अभी भी हवाई हमले का खतरा बना हुआ है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने बताया कि हमने ब्रायन फिट्जपैट्रिक, माइक क्विगली, मार्सी कैप्टर, जेरेड गोल्डन, जो विल्सन और ग्रेगरी मीक्स के साथ इस बात पर विस्तार से चर्चा की कि ऐसे खतरों से लोगों को कैसे बचाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के हमले इसलिए हो रहे हैं, क्योंकि हमलावर देश पर कभी पूरी तरह दबाव नहीं बनाया गया और रूस को लगता है कि वह बैलिस्टिक मिसाइलों के जरिए दहशत फैलाना जारी रख सकता है। अभी अमेरिका के पास इसका कड़ा जवाब देने का मौका है। लोगों की जान बचाने के लिए हमें बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही रोककर नष्ट करने वाले इंटरसेप्टर चाहिए। रूस और उन लोगों या देशों के खिलाफ पाबंदियां लागू की जानी चाहिए, जो उसे पैसा कमाने में मदद कर रहे हैं।
जेलेंस्की ने कहा कि लोगों की जान बचाने में मदद के लिए तैयार रहने पर मैं अमेरिका की दोनों पार्टियों का धन्यवाद करता हूं।
--आईएएनएस
एवाई/वीसी