Kedartal Rescue: उत्तरकाशी में लापता 8 ट्रैकर्स में से 2 के शव मिले, 6 की तलाश जारी; बंगाल CM ने मांगी रिपोर्ट
उत्तराखंड के उत्तरकाशी स्थित केदारताल ट्रैक पर लापता हुए आठ लोगों में से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं। मृतकों में एक पुरुष और एक महिला शामिल हैं। दोनों पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे। वहीं, बाकी छह लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
जानकारी के मुताबिक, 29 अक्टूबर को भोजखड़क और कच्ची ढांग के पास हिमस्खलन और भारी बर्फबारी की चपेट में आने से आठ लोग लापता हो गए थे। इसके बाद से ही राहत और बचाव दल उनकी तलाश में जुटे हुए हैं। इससे पहले रेस्क्यू टीमों को घटनास्थल के आसपास कुछ सामान भी मिला था।
लापता लोगों में बंगाल के 5 और यूपी के 2 ट्रैकर शामिल
लापता हुए आठ लोगों में पश्चिम बंगाल के पांच ट्रैकर, उत्तर प्रदेश के दो ट्रैकर और उत्तरकाशी के स्थानीय गाइड सिद्धार्थ राणा शामिल हैं। गाइड के पिता मोहन राणा ने बचाव अभियान में भारतीय सेना को शामिल करने की मांग की है।
उनका कहना है कि उनका बेटा और उसके साथी हिमस्खलन की चपेट में आ गए होंगे। उन्होंने बताया कि ट्रैकिंग दल अपने साथ दो से तीन दिन के लिए खाने-पीने का सामान लेकर गया था।
खराब मौसम के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी
लापता ट्रैकर्स की तलाश के लिए NDRF, SDRF, उत्तराखंड पुलिस, वन विभाग और नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग (NIM) की टीमें अभियान चला रही हैं। हालांकि, इलाके में लगातार हो रही बर्फबारी और खराब मौसम के कारण बचावकर्मियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
इस घटना को लेकर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी चिंता जताई है। उन्होंने उत्तराखंड प्रशासन से पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की रिपोर्ट मांगी है। फिलहाल बचाव दल का ध्यान बाकी छह लापता लोगों का पता लगाने पर है।