केदारनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़, सुरक्षा और सुविधाओं के विशेष इंतजाम: भरत सिंह चौधरी
रुद्रप्रयाग, 23 मई (आईएएनएस)। केदारनाथ यात्रा में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए पुलिस और प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं को मजबूत करने में जुटी हुई है। यात्रा में इस बार उम्मीद से कहीं ज्यादा श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे इलाके में काफी रौनक देखने को मिल रही है। इस बीच मंत्री भरत सिंह चौधरी ने यात्रा व्यवस्थाओं और भीड़ नियंत्रण को लेकर जानकारी दी।
मंत्री भरत सिंह चौधरी ने शनिवार को आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए सभी एजेंसियों को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। चाहे पुलिस विभाग हो, सिविल प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ या पीआरडी की टीमें, सभी लगातार अपने-अपने स्तर पर काम कर रही हैं। सरकार की कोशिश है कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंत्री ने बताया कि इस बार यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या उम्मीद से कहीं ज्यादा है। हालांकि इसे उन्होंने एक सकारात्मक संकेत बताया। उनका कहना है कि बड़ी संख्या में यात्रियों के आने से अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। होटल, दुकान, घोड़ा-खच्चर सेवा और अन्य छोटे कारोबारों से जुड़े लोगों को इसका सीधा फायदा हो रहा है। इससे स्थानीय बेरोजगार युवाओं को भी रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अभी तक ऐसी कोई बड़ी घटना सामने नहीं आई है जिससे लगे कि भीड़ नियंत्रण से बाहर हो गई हो। हालांकि यात्रा मार्ग और केदारनाथ धाम में काफी भीड़ जरूर है, लेकिन प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है।
मंत्री भरत सिंह चौधरी ने बताया कि खास तौर पर गौरीकुंड से केदारनाथ तक के पैदल मार्ग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रास्ते में यात्रियों के लिए पानी, मेडिकल सुविधाएं और आराम की व्यवस्था की गई है। साथ ही घोड़े-खच्चरों जैसे जानवरों के लिए भी पर्याप्त पानी और चारे का इंतजाम किया गया है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूत किया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके। जगह-जगह मेडिकल टीमें तैनात हैं और प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।
--आईएएनएस
पीआईएम/डीकेपी