केदारनाथ पैदल मार्ग पर बोल्डर गिरने से यात्रा बाधित, प्रशासन ने निर्धारित मार्ग पर यात्रा करने की दी सलाह
रुद्रप्रयाग, 22 जुलाई (आईएएनएस)। केदारघाटी में मंगलवार देर रात हुई भारी बारिश का असर केदारनाथ यात्रा पर देखने को मिला है। गौरीकुण्ड से करीब एक किलोमीटर आगे छौड़ी क्षेत्र में केदारनाथ पैदल मार्ग पर अचानक बोल्डर और मलबा गिरने से यात्रा मार्ग बाधित हो गया।
जानकारी के अनुसार मलबा गिरने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मार्ग पर मौजूद यात्रियों की आवाजाही तत्काल रोक दी और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है। फिलहाल मार्ग को जल्द से जल्द सुचारू करने के लिए राहत एवं सफाई कार्य जारी है। मंगलवार देर रात हुई लगातार बारिश के कारण पहाड़ी से बड़े पत्थर और मलबा खिसककर पैदल मार्ग पर आ गया। इससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं। जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा और बोल्डर हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए गौरीकुण्ड और मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है।
अधिकारियों द्वारा लगातार स्थिति की निगरानी की जा रही है और मौसम की परिस्थितियों पर भी नजर रखी जा रही है। जैसे ही मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित होगा, यात्रा को दोबारा शुरू किया जाएगा।
बारिश के चलते केदारघाटी में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन तथा मौसम विभाग द्वारा जारी आधिकारिक दिशा-निर्देशों का पालन करें। यात्रा के दौरान निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करें और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
प्रशासन ने कहा है कि मौसम सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह साफ होने के बाद ही श्रद्धालुओं को आगे जाने की अनुमति दी जाएगी। राहत और बचाव दल लगातार मौके पर जुटे हुए हैं ताकि जल्द से जल्द मार्ग बहाल कर यात्रा को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक कदम उठा रहा है। यात्रियों से धैर्य बनाए रखने और मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम