कौशांबी में प्रेम-प्रसंग के चलते युवक की पीट-पीटकर हत्या
कौशांबी, 10 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में प्रेम-प्रसंग को लेकर एक 19 वर्षीय युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना में युवक की प्रेमिका भी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब छह बजे गुरु प्रसाद ने मंझनपुर कोतवाली पुलिस को सूचना दी कि उसके छोटे भाई शिव प्रसाद की हत्या कर दी गई है। बताया गया कि शिव प्रसाद पास के महुआ खाड़ा गांव में अपने दूर के रिश्तेदार राकेश राजपूत के घर गया था। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू की गई।
सीओ सदर शिवांक सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शिव प्रसाद देर रात अपने रिश्तेदार के घर से लौटते समय राकेश राजपूत के घर रुका था। जांच के दौरान यह भी पता चला कि शिव प्रसाद और राकेश राजपूत की बेटी के बीच प्रेम-प्रसंग था। आशंका है कि इसी संबंध को लेकर लड़की के परिजनों ने युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी।
मृतक के भाई गुरु प्रसाद ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि कुछ लोगों ने मेरे भाई की हत्या की है। शाम को मेरे भाई से मेरी मां की बात हुई थी। उसने बताया कि हम आ रहे है, लेकिन देर रात भाई का फोन आया कि मुझे बचा लो, मुझे मारा जा रहा है। जिसके बाद मेरे परिवार वाले भागकर गए, लेकिन उन लोगों ने तब तक बुरी तरह से पिटाई कर दी थी। घटना में गंभीर रूप से घायल शिव प्रसाद को परिजन तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, मारपीट के दौरान युवती भी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल उसकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और परिजनों सहित अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।
--आईएएनएस
एसएके/एएस