×

कटिहार हादसा: सीएम नीतीश ने मृतक आश्रितों के लिए दो-दो लाख रुपए मदद की घोषणा की

 

कटिहार, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कटिहार में हुए भीषण सड़क दुर्घटना में लोगों की हुई मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना काफी दुखद है और मैं इससे मर्माहत हूं।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच कर राहत एंव बचाव कार्य में जुटे हुए है। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुये लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है और उनकी समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया है।

इससे पहले बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने इस घटना पर दुख जताया।

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि कटिहार में बस और पिकअप में टक्कर से हुई भीषण सड़क दुर्घटना की सूचना दुःखद और पीड़ादायक है। इस भयावह हादसे में 10 लोगों के असामयिक निधन से मन अत्यंत व्यथित है।

उन्होंने कहा कि शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा पीड़ित परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

तेजस्वी यादव ने कहा कि शासन-प्रशासन पीड़ित परिजनों और घायलों को आर्थिक सहायता तथा अविलंब घायलों के बेहतर उपचार का प्रबंध करें। ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना गेड़ाबाड़ी की है। यहां राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के बसगाड़ा चौक बकरी फार्म के पास हुई। इस घटना के बारे में बताया जा रहा है कि पिकअप सवार लोग किसी धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर लौट रहे थे।

इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने पिकअप वैन को टक्कर मार दी। इस आमने-सामने की टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई है।

--आईएएनएस

एमएस/