कश्मीरी गेट में कार पर गोलीबारी, खुद को लॉरेंस बिश्नोई लीगल टीम का सदस्य बताने वाला एक व्यक्ति घायल
नई दिल्ली, 24 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में मंगलवार देर रात करीब 10:10 बजे एक कार पर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, गाड़ी में कुल पांच लोग सवार थे, और गोलीबारी के बाद हमलावर फरार हो गए। घायल व्यक्ति को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
दिल्ली पुलिस के डीसीपी नॉर्थ राजा बंथिया ने घटनास्थल पर पत्रकारों से बातचीत में बताया, "हमें रात करीब 10:10 बजे सूचना मिली कि कश्मीरी गेट के पास एक कार पर फायरिंग हुई है। मौके पर पहुंचकर हमने पाया कि गाड़ी पर चार से पांच राउंड फायरिंग की गई है। एक व्यक्ति घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमारी टीम तुरंत सक्रिय हुई और जांच शुरू कर दी गई है।"
डीसीपी बंथिया ने कहा, "हम जांच के हर पहलू पर काम कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर जल्द ही हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जाएगी। दिल्ली में कानून-व्यवस्था बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है।"
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घायल व्यक्ति खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम का सदस्य बता रहा है। हालांकि, यह उनका अपना दावा है, और पुलिस इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं कर पाई है। घटना के समय गाड़ी में मौजूद अन्य चार लोग सुरक्षित हैं। पुलिस ने बताया कि हमले का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हुआ है, लेकिन यह पुरानी रंजिश या गैंगवार से जुड़ा हो सकता है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर ली है। फॉरेंसिक टीम ने भी जांच शुरू कर दी है। गोलीबारी वाली जगह पर खोखे कारतूस बरामद हुए हैं, जिनकी जांच से हथियार का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी