×

कार्यकर्ताओं की मांग पर निशांत कुमार की होगी राजनीति में एंट्री : नीरज कुमार

 

पटना, 7 मार्च (आईएएनएस)। जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने निवर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने की चर्चा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनका रोल सिर्फ इसलिए तय नहीं किया गया क्योंकि वे मुख्यमंत्री के बेटे हैं, बल्कि यह मांग पार्टी कार्यकर्ताओं और बिहार की जनता की ओर से उठी है।

नीरज कुमार ने आईएएनएस से कहा कि जदयू कार्यकर्ता और बिहार के लोग चाहते हैं कि राज्य नीतीश कुमार के रोडमैप पर आगे बढ़ता रहे। इसी कारण कार्यकर्ताओं ने निशांत कुमार से सक्रिय राजनीति में आने की मांग की है।

उन्होंने बताया कि निशांत कुमार को जल्द ही पार्टी की सदस्यता दी जाएगी और उन्होंने खुद भी पूरे बिहार का दौरा करने की इच्छा जताई है।

नीरज कुमार ने कहा, "निशांत कुमार के राजनीति में आने के फैसले की खबर सुनते ही जदयू कार्यकर्ताओं की आंखों में चमक आ गई। कार्यकर्ता इस फैसले से काफी उत्साहित हैं।"

वहीं दूसरी ओर, उन्होंने लोकसभा स्पीकर के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। नीरज कुमार ने कहा कि जो लोग लोकतंत्र में विश्वास करते हैं, उन्हें संविधान और उसकी भावना का सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने कहा, "डॉ. बीआर अंबेडकर ने संविधान बनाया। संविधान निर्माताओं ने शायद यह भी नहीं सोचा होगा कि एक दिन लोकसभा के स्पीकर को भी बिना किसी ठोस कारण के इस तरह घेरा जाएगा।"

नीरज कुमार ने आरोप लगाया कि आज विपक्ष की राजनीति इतनी कमजोर और निष्प्रभावी हो गई है कि वह संविधान निर्माताओं की भावनाओं का भी सम्मान नहीं कर रहा और बिना आधार के स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जा रहा है।

उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ नेता पहले संविधान की कॉपी लेकर घूमते थे, लेकिन अब वही लोग संविधान के तहत बनाई गई व्यवस्थाओं की धज्जियां उड़ा रहे हैं।

नीरज कुमार ने कहा, "जनता इन राजनीतिक पर्यटकों को देख चुकी है और आगे भी देखती रहेगी।"

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस