कार्यकाल की लंबाई मायने नहीं रखती, शासन की गहराई मायने रखती: मनोज झा
नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। पीएम मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाने पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि कार्यकाल की लंबाई मायने नहीं रखती, शासन की गहराई मायने रखती।
मीडिया से बातचीत के दौरान राजद सांसद ने कहा कि मैंने इस पर एक बहुत लंबा लेख लिखा है। कार्यकाल की लंबाई मायने नहीं रखती; शासन की गहराई मायने रखती है। नेहरू ने हर व्यक्ति के जीवन को छुआ, जबकि पीएम मोदी ने लोगों को सिर्फ परेशान किया। अगर आप सिर्फ कार्यकाल की लंबाई से मापेंगे, तो इसका कोई मतलब नहीं होगा। गहराई और विस्तार को देखिए।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और लालू प्रसाद यादव की जेएड प्लस सुरक्षा हटाए जाने पर कहा कि खतरे का आकलन करने का एक तरीका है और समय-समय पर इसकी समीक्षा की जाती है। खतरे का क्या आकलन किया गया और किस आधार पर यह फैसला लिया गया? ऐसे लोग भी हैं जिन्हें कोई साफ खतरा नहीं है, फिर भी उनके पास 50 सुरक्षाकर्मी हैं। लेकिन जिन लोगों ने सालों तक अलग-अलग पदों पर रहते हुए ऐसे फैसले लिए जिनसे खतरा पैदा हो सकता था, उनकी सुरक्षा हटा ली गई है।"
बिहार सरकार में मंत्री निशांत कुमार के बारे में राजद नेताओं की टिप्पणियों पर सांसद मनोज झा ने कहा कि हमें किसी व्यक्ति की योग्यता या शारीरिक बनावट पर ध्यान नहीं देना चाहिए। हमारा ध्यान इस बात पर होना चाहिए कि हम अपनी जिम्मेदारियां कितनी अच्छी तरह निभा रहे हैं।
दूसरी ओर, पीएम मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने पर शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री को पद पर 12 साल पूरे करने पर बधाई देना चाहती हूं। उन्होंने अपने पहले दो कार्यकाल में साधारण बहुमत हासिल किया था और अब वे एनडीए गठबंधन के समर्थन से अपने तीसरे कार्यकाल में सरकार चला रहे हैं। मैं उन्हें जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ने पर भी बधाई देना चाहती हूं। लेकिन, मैं यह भी चाहती हूं कि उन्होंने जो वादे देश की जनता से किए, उसे भी पूरा करे।
कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा कि पूर्व पीएम पंडित जवाहरलाल नेहरू ने देश को अच्छी-अच्छी संस्थाएं देकर मजबूत नींव दी, लेकिन भाजपा उन्हें नीचा दिखाकर नकारात्मक माहौल बना रही है, जबकि हमें सकारात्मक सोच और सभी धर्मों के लोगों के विकास से देश आगे बढ़ाना चाहिए।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीएससी