☰
×

तमिलनाडु के तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर आज जलेगा कार्तिगई दीपम, 5,600 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात; सुप्रीम कोर्ट के आदेश से बढ़ा विवाद

 

तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर आज 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम उत्सव के अवसर पर दीप जलाया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को पहाड़ी पर मौजूद प्राचीन पत्थर के स्तंभ ‘दीपथून’ पर दीप जलाने की सशर्त अनुमति दी थी। यह स्तंभ सिकंदर बदुशा दरगाह के नजदीक स्थित है। कोर्ट के आदेश के बाद इलाके में धार्मिक और राजनीतिक तनाव की आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है।

प्रशासन ने पहाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में 5,600 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। आम लोगों के पहाड़ी पर चढ़ने और दीपथून तक पहुंचने पर रोक लगाई गई है। इलाके में ड्रोन उड़ाने पर भी प्रतिबंध है। निगरानी के लिए 70 से ज्यादा CCTV और फेस रिकग्निशन कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

इस बीच BJP और हिंदू मुन्नानी के कुछ नेताओं को हाउस अरेस्ट किए जाने की खबरें सामने आई हैं। भाजपा नेताओं ने दीपम कार्यक्रम में शामिल होने की योजना बनाई थी। वहीं, तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर दीप जलाने की अनुमति पर दोबारा विचार करने की मांग की है।

सुप्रीम कोर्ट ने इस साल एक बार दीप जलाने की दी अनुमति

तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने को लेकर विवाद का मुख्य केंद्र ‘दीपथून’ नाम का प्राचीन पत्थर का स्तंभ है। यह सिकंदर बदुशा दरगाह के पास स्थित है। विवाद इस बात को लेकर है कि कार्तिगई दीपम के मौके पर पारंपरिक दीप इसी स्तंभ पर जलाया जाना चाहिए या नहीं।

इस मामले में विवाद नवंबर 2025 में शुरू हुआ था। उस समय स्थानीय प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताते हुए पहाड़ी पर दीप जलाने की अनुमति नहीं दी थी। इसके बाद दिसंबर 2025 में मद्रास हाईकोर्ट ने प्रशासन के फैसले को पलटते हुए दीप जलाने की अनुमति दी थी।

तमिलनाडु सरकार ने हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। इसके बाद 20 नवंबर 2026 को जस्टिस अरविंद कुमार की अगुवाई वाली बेंच ने 24 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने की एक बार की सशर्त अनुमति दे दी।

सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि यह अनुमति केवल इस साल के आयोजन के लिए है। इससे पहाड़ी के मालिकाना हक या पारंपरिक धार्मिक अधिकारों से जुड़े व्यापक विवाद का निपटारा नहीं होगा। साथ ही इस आदेश को भविष्य के मामलों में कानूनी मिसाल भी नहीं माना जाएगा।

धारा 163 लागू, पहाड़ी पर जाने और सभाओं पर रोक

तनाव की आशंका को देखते हुए मदुरै जिला प्रशासन ने इलाके में प्रतिबंधात्मक आदेश लागू किए हैं। जिला कलेक्टर निशांत कृष्ण ने 23 नवंबर रात 9 बजे से 25 नवंबर सुबह 10 बजे तक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की है।

इसके तहत सार्वजनिक सभाओं, रैलियों, प्रदर्शनों और जुलूसों पर रोक लगाई गई है। बिना अनुमति पहाड़ी पर चढ़ने की भी इजाजत नहीं होगी।

पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि मदुरै और आसपास के जिलों से दोनों समुदायों के लोग बड़ी संख्या में पहुंच सकते हैं। ऐसी स्थिति में टकराव और कानून-व्यवस्था बिगड़ने का खतरा पैदा हो सकता है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध, 70 से ज्यादा कैमरों से निगरानी

मदुरै के पुलिस आयुक्त एस. राजेंद्रन ने 23 और 24 नवंबर के लिए पहाड़ी और आसपास के इलाकों को अस्थायी रेड जोन घोषित किया है। इस क्षेत्र में ड्रोन और अनमैन्ड एरियल व्हीकल (UAV) उड़ाने पर रोक लगाई गई है।

रेड जोन में पहाड़ी की चोटी, गिरिवलम रास्ता, प्रवेश द्वार से 16-पिलर मंडपम तक का मार्ग और पहाड़ी की तलहटी के आसपास का क्षेत्र शामिल है। बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत 70 से अधिक CCTV और फेस रिकग्निशन कैमरे लगाए गए हैं। बम निरोधक दस्ते भी संवेदनशील स्थानों की जांच कर रहे हैं। पहाड़ी की चोटी, दरगाह, मंदिरों, सीढ़ियों और गिरिवलम मार्ग पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

BJP नेताओं के घरों के बाहर पुलिस तैनात

दीपम कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। BJP और हिंदू मुन्नानी के कुछ नेताओं को हाउस अरेस्ट किए जाने की खबर है। भाजपा नेताओं के कार्यक्रम में शामिल होने की योजना के बीच पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

तिरुनेलवेली में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन के आवास के बाहर भी 50 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य किसी भी तरह की भीड़ और टकराव को रोकना है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने चलाईं अतिरिक्त ट्रेनें

कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भी विशेष इंतजाम किए हैं। तिरुचिरापल्ली रेलवे डिवीजन के DRM बालक राम नेगी के मुताबिक, यात्रियों के लिए दो होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। यहां टिकट और रिजर्वेशन की सुविधा के साथ पीने का पानी और शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं।

रेलवे सोमवार को विल्लुपुरम की ओर से 14 और काटपाडी की ओर से 16 ट्रेनें चला रहा है। इस तरह कुल 30 ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। मंगलवार को 37 ट्रेनें चलाने की योजना है।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इस बार 8 कोच वाली EMU ट्रेन के बजाय 12 कोच वाली ट्रेनें चलाई जा रही हैं। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के 150 जवानों के साथ राज्य पुलिस के करीब 150 जवान भी तैनात किए गए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए मेडिकल सहायता, फर्स्ट एड और 108 एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है।

आज के आयोजन पर देशभर की नजर

सुप्रीम कोर्ट की सशर्त अनुमति, राज्य सरकार की पुनर्विचार याचिका और इलाके में भारी पुलिस तैनाती के बीच तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर होने वाला कार्तिगई दीपम आयोजन चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रशासन के सामने धार्मिक आयोजन के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की बड़ी चुनौती है।