×

कर्नाटकः वैरामुदी ब्रह्मोत्सव आज, वैरामुदी और सोने के आभूषण पुलिस सुरक्षा के बीच मेलुकोटे रवाना

 

मांड्या, 28 मार्च (आईएएनएस)। कर्नाटक के मांड्या जिले के मेलुकोटे में शनिवार को वैरामुदी ब्रह्मोत्सव मनाया जाएगा। वैरामुदी मुकुट पहनाने का समारोह और भव्य जुलूस आज निकलेगा और वैरामुदी का राज्याभिषेक रात 8 बजे होगा। राज्याभिषेक के बाद उत्सव सुबह तक चलेगा। मांड्या जिला कोष से आभूषणों की खेप सुबह भेज दी गई है। लाखों श्रद्धालु वैरामुदी उत्सव देखने पहुंचे हैं। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग वैरामुदी ब्रह्मोत्सव के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

मंड्या जिला कोषागार के पास शनिवार को उस समय खासा उत्साह देखने को मिला, जब वैरामुदी और सोने के आभूषणों को पारंपरिक विधि-विधान के साथ मेलुकोटे के लिए रवाना किया गया। मंड्या डीसी कार्यालय रोड पर स्थित जिला कोषागार से इन बहुमूल्य आभूषणों को बाहर लाने की प्रक्रिया प्रशासन की निगरानी में पूरी की गई।

सबसे पहले परकाला मठ का वाहन कोषागार के पास पहुंचा। इसके बाद जिला प्रशासन ने वैरामुड़ी और स्वर्ण आभूषणों की विधिवत पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद आभूषणों की टोकरी को कोषागार से बाहर लाया गया, जिसे जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने अपने सिर पर उठाकर परकाला मठ के वाहन तक पहुंचाया।

इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु कोषागार के बाहर एकत्रित रहे और भगवान गोविंदा के जयकारे लगाते रहे। आभूषणों के दर्शन के लिए भक्तों में खासा उत्साह देखा गया। जिला प्रशासन ने आभूषणों की टोकरी को मंदिर प्रबंधन समिति को सौंप दिया।

पूरी प्रक्रिया के दौरान कड़ी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पारंपरिक रीति-रिवाजों के तहत लोक कला दलों की शोभायात्रा भी निकाली गई, जिसमें मंगलवाद्य की धुन, डोल्लू नृत्य और लोक कलाकारों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

जिला प्रशासन की पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने भी आभूषणों की पूजा की। इसके बाद वैरामुड़ी और अन्य आभूषणों को परकाला मठ के वाहन में सुरक्षित रूप से रखकर मेलुकोटे के लिए रवाना किया गया।

पुलिस और प्रशासन ने विभिन्न स्थानों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए लगभग 150 परिवहन बसों की व्यवस्था की है। वाहनों के लिए उपयुक्त स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है। सुरक्षा के लिए 2 एएसपी, 6 डीएसपी, 29 पीएसआई, 47 एएसआई, 158 एचसी/पीसी, पुलिसकर्मी और 946 होमगार्ड सहित कुल 1210 सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे।

उत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन और पेय पदार्थों की निरंतर व्यवस्था की गई है। एहतियाती उपाय के तौर पर 40 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मंदिर में बिजली की रोशनी और फूलों की सजावट के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

--आईएएनएस

ओपी/पीएम