शारजाह में कर्नाटक के व्यक्ति की हत्या, फुटेज में देंखे 9 टुकड़ों में मिला शव; पत्नी और बेटा लापता
संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह में कर्नाटक के उडुपी जिले के रहने वाले एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान एल्विन प्रकाश कुंदर के रूप में हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका शव 9 टुकड़ों में मिला। शव के टुकड़ों को दो बैग में भरकर एक कार में रखा गया था। मामले की जानकारी मृतक के भाई अनिल प्रशांत कुंदर ने मंगलवार को दी। बताया जा रहा है कि एल्विन पिछले करीब 14 साल से शारजाह एयरपोर्ट पर काम कर रहे थे। पिछले साल दिसंबर में वह भारत आए थे और इसके बाद वापस शारजाह चले गए थे।
कार से बरामद हुआ शव
जानकारी के मुताबिक, एल्विन के लापता होने के बाद परिवार की ओर से उनकी तलाश की जा रही थी। जांच के दौरान उनका शव ओमान जाने वाले रास्ते के पास खड़ी एक कार से बरामद किया गया। शव को कथित तौर पर 9 टुकड़ों में काटकर दो बैग में रखा गया था।परिवार को 21 सितंबर को एल्विन की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिली। हालांकि, अभी तक हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल लोगों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
पत्नी और बेटा भी लापता
मामले में एक और गंभीर बात सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, एल्विन की पत्नी टीना कुंदर और उनका बेटा भी लापता बताए जा रहे हैं। दोनों के बारे में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।टीना कुंदर उडुपी के उदयवारा की रहने वाली हैं और शारजाह के एक स्कूल में शिक्षिका के तौर पर काम करती हैं। उनका बेटा भी शारजाह में 10वीं कक्षा में पढ़ रहा है।
भाई ने उडुपी एसपी से की मुलाकात
मृतक के भाई अनिल प्रशांत कुंदर ने 21 सितंबर को उडुपी के पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की थी। उन्होंने मामले में कार्रवाई और अपने भाई की तलाश की मांग की थी। इसके बाद एल्विन के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई।जांच आगे बढ़ने पर शारजाह में उनकी मौत की जानकारी सामने आई और शव बरामद किया गया। फिलहाल स्थानीय स्तर पर मामले की जांच जारी है। पुलिस हत्या की वजह, वारदात में शामिल लोगों और एल्विन की पत्नी तथा बेटे के बारे में जानकारी जुटा रही है।