×

'कर्नाटक केसरी' जगन्नाथ राव जोशी की पुण्यतिथि पर राजनाथ, अमित शाह समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

 

नई दिल्ली, 15 जुलाई (आईएएनएस)। गोवा मुक्ति आंदोलन के अग्रणी नायक और 'कर्नाटक केसरी' जगन्नाथ राव जोशी की पुण्यतिथि पर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री समेत कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, "जगन्नाथ राव जोशी एक महान नेता, असाधारण संगठनकर्ता और राष्ट्रीय एकता के अथक पैरोकार थे। राष्ट्र के प्रति उनकी अटूट निष्ठा गोवा मुक्ति आंदोलन में उनकी भूमिका से झलकती थी, जबकि छुआछूत जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ उनके निडर रुख में एक न्यायपूर्ण और समरस समाज का उनका दृष्टिकोण निहित था।"

उन्होंने आगे लिखा, "अपनी सादगी, तीक्ष्ण बुद्धि और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण के लिए पहचाने जाने वाले जगन्नाथ राव जोशी ने अपना जीवन जनसेवा के लिए समर्पित कर दिया। निस्वार्थ सेवा, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय गौरव के उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।"

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पोस्ट किया, "जगन्नाथ राव जोशी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि। गोवा मुक्ति आंदोलन के एक प्रमुख स्तंभ और 'कर्नाटक केसरी' जगन्नाथराव जोशी एक देशभक्त कर्मयोगी थे, जिन्होंने गोवा में 'परमिट राज' को खत्म करने के लिए अमानवीय अत्याचार सहे। देशभर में भाजपा के आदर्शों और संगठन का विस्तार करने में उनकी राजनीतिक सूझबूझ युवा नेताओं को प्रेरित करती रहेगी।"

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने पोस्ट में लिखा, "भारतीय जनसंघ के वरिष्ठ नेता, गोवा मुक्ति आंदोलन के अग्रणी नेतृत्वकर्ता और 'कर्नाटक केसरी' जगन्नाथ राव जोशी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटिशः नमन करता हूं। गोवा में भारतीयों के प्रवेश पर लागू परमिट व्यवस्था को समाप्त कराने में श्रद्धेय जोशी जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गोवा को भारत का अभिन्न अंग बनाने में उनका महनीय योगदान सदैव स्मरणीय और प्रणम्य रहेगा। राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक चेतना के प्रति समर्पित उनका तपस्वी जीवन प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा और राष्ट्रसेवा का आदर्श है।"

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पोस्ट किया, "प्रखर राष्ट्रवादी विचारक, गोवा मुक्ति संग्राम के अग्रणी सेनानी और 'कर्नाटक केसरी' के नाम से विख्यात जगन्नाथ राव जोशी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।"

उन्होंने आगे लिखा, "जगन्नाथ राव जोशी ने गोवा मुक्ति आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए विदेशी शासन के विरुद्ध संघर्ष किया। एक प्रभावशाली वक्ता और कुशल संगठनकर्ता के रूप में उन्होंने राष्ट्रवादी विचारधारा को सशक्त करते हुए भारतीय जनसंघ के विस्तार को नई दिशा दी। राष्ट्र प्रथम की भावना, संगठन के प्रति समर्पण और राष्ट्रीय एकता के लिए समर्पित उनका जीवन आज भी प्रत्येक कार्यकर्ता को 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के संकल्प के साथ राष्ट्रसेवा के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।"

कर्नाटक भाजपा के अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने लिखा, "देश ही धर्म और संगठन ही जीवन का मार्ग मानकर अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा को समर्पित करने वाले वरिष्ठ नेता, जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में से एक और 'कर्नाटक केसरी' के नाम से विख्यात जगन्नाथ राव जोशी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।

विजयेंद्र येदियुरप्पा ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "संगठन और राष्ट्रसेवा के प्रति उनकी अटूट निष्ठा, समर्पण और कर्मयोग आज भी पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। राष्ट्रीयता का जो दीप उन्होंने प्रज्वलित किया, उसकी ज्योति आज भी लाखों कार्यकर्ताओं के हृदयों में आलोकित है।"

--आईएएनएस

डीसीएच/