×

कर्नाटक हाईकोर्ट भर्ती अलर्ट: 21 डेटा एंट्री असिस्टेंट पदों पर आवेदन शुरू, 28 जुलाई तक अवसर

 

बेंगलुरु, 2 जुलाई (आईएएनएस)। उच्च न्यायालय में नौकरी करना हजारों-लाखों युवाओं का सपना होता है। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके लिए कर्नाटक हाईकोर्ट ने रेसिडुअल पैरेंट कैडर के तहत डेटा एंट्री असिस्टेंट के कुल 21 पदों (जिनमें 6 बैकलॉग पद शामिल हैं) पर योग्य उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।

कर्नाटक हाईकोर्ट में डेटा एंट्री असिस्टेंट पोस्ट के 21 रिक्तियों पर नियुक्त होने के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 29 जून से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 28 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे कर्नाटक हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से साइंस/आर्ट्स/कॉमर्स/बिजनेस मैनेजमेंट/कंप्यूटर एप्लीकेशन में बैचलर डिग्री कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स ने इंग्लिश और कन्नड़ में सीनियर ग्रेड टाइपराइटिंग परीक्षा पास की हो और उनके पास कंप्यूटर चलाने की जानकारी भी होनी चाहिए।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

डेटा एंट्री असिस्टेंट पद पर चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पे-लेवल 4 के तहत 25,500 से 81,100 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य मेरिट और अन्य पिछड़ा वर्ग की श्रेणी-II(ए)/II(बी)/III(ए)/III(बी) के लिए 350 रुपए और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य पिछड़ा वर्ग की श्रेणी-I/बेंचमार्क दिव्यांगता वाले व्यक्ति के लिए 200 रुपए तय किया गया है।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम