×

बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष ने नीतीश कुमार की सरकार को घेरा

 

पटना, 23 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर विपक्षी दलों ने सोमवार को प्रदेश की डबल इंजन सरकार पर निशाना साधा। राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि बिहार में कोई भी कानून व्यवस्था नहीं है। हम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

पटना में राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश में लोग भगवान भरोसे जी रहे हैं और बच रहे हैं। क्या पता कि आप रोड पर निकलिए या विधानसभा में ही कोई कट्टा लेकर चला आएगा, मार देगा, और दुश्मनी ले लेगा। हम लोग भी अपने आपको बहुत असुरक्षित महसूस करते हैं। यह सरकार किसी की जान की सुरक्षा नहीं कर सकती है। अपराधियों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है। पुलिस में कुछ अधिकारी ऐसे हैं जो जातिगत अपराधियों को बचा रहे हैं।

राजद विधायक रणविजय साहू ने बिहार में कानून व्यवस्था की स्थिति पर कहा कि हालात खराब हैं, हालात बद से बदतर हैं। लोग गाय, भैंस और बकरी की तरह मारे जा रहे हैं। बेचारे बनकर बिहार में जी रहे हैं, कोई सुरक्षित नहीं है, आम जन सुरक्षित नहीं है। हम तो राष्ट्रपति शासन की मांग करते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि हमने शराब के मुद्दे पर सदन के अंदर प्रस्ताव लाया है और आसन से आग्रह करेंगे कि जहरीली शराब के नाम पर बिहार में जो लूट मची है, सरकार इस पर अंकुश लगाए और सरकार इस पर डिबेट करे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस देश के लिए जो काम किया, आजादी से लेकर भारत के निर्माण तक, चाहे कंप्यूटर युग की बात कर लो, बिजली के क्षेत्र की बात कर लो, जो भी देश में पैरामीटर डेवलपमेंट हुआ है, कांग्रेस का ही बनाया हुआ है।

कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन ने 8 संदिग्धों की गिरफ्तारी पर कहा कि यह अच्छी बात है। सुरक्षा बलों के जो जवान इसके लिए प्रयासरत थे, उनको सलाम करते हैं। हम हमेशा अपने सुरक्षा बलों के जज्बे को सलाम करते हैं। इस देश को सुरक्षित रखना उनकी जिम्मेदारी है।

एआईएमआईएम विधायक तौसीफ आलम ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर कहा कि मैं लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल नहीं उठाऊंगा, लेकिन इतना जरूर कहूंगा कि कमियां हैं। चाहे वो जिला स्तरीय हो, चाहे वो प्रखंड स्तरीय हो, चाहे वो थाना स्तरीय हो, चाहे वो ब्लॉक स्तरीय हो, चाहे वो अंचल स्तरीय हो, कमियां हैं। आप चले जाएं थाना, वहां भी कमियां होंगी।

तौसीफ आलम ने कहा कि मैं ये मानता हूं कि कांग्रेस और भाजपा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, क्योंकि मैं कांग्रेस में रहा हूं, मैं जानता हूं कि कांग्रेस सिर्फ मुसलमान को वोटबैंक समझकर काम करती है।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी