कांशीराम के सामाजिक न्याय के संकल्प को आगे बढ़ा रही भाजपा सरकार : केशव मौर्य
लखनऊ, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा सरकार कांशीराम के सामाजिक न्याय और समतामूलक समाज के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए दलितों, पिछड़ों, गरीबों और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर काम कर रही है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पात्र परिवारों को आवास, स्वास्थ्य सुरक्षा, शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सामाजिक समरसता और समान अवसर सुनिश्चित करना ही कांशीराम के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास, 7 कालिदास मार्ग पर कांशीराम की पुण्यतिथि पर उनके स्मृति-चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि कांशीराम ने सामाजिक समानता, वंचित वर्गों के अधिकारों और समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सम्मानजनक भागीदारी के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उनके विचार सामाजिक न्याय और समतामूलक समाज के निर्माण की दिशा में प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीबों, दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य पात्र परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जबकि आयुष्मान भारत योजना के जरिए पात्र लाभार्थियों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिल रही है। अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के माध्यम से शिक्षा में आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के जरिए कौशल विकास, रोजगार और आजीविका के अवसरों को बढ़ावा दिया जा रहा है। वहीं, पीएम-सूरज पोर्टल जैसी पहल वंचित वर्गों को ऋण सहायता और स्वरोजगार से जोड़ने में सहायक साबित हो रही हैं। भाजपा सरकार 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मंत्र के साथ बिना भेदभाव पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सामाजिक समरसता, समान अवसर और सर्वसमावेशी विकास को मजबूत करना ही मान्यवर कांशीराम के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
--आईएएनएस
विकेटी/एसके