☰
×

कानपुर: गोकशी के आरोपी और पुलिस के बीच मुठभेड़, आरोपी गिरफ्तार

 

कानपुर, 22 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कानपुर में गोकशी के मामले में वांछित चल रहे आरोपी और पुलिस के बीच रविवार सुबह मुठभेड़ हो गई। रेलबाजार थाना क्षेत्र में शिवनारायण टंडन पुल के पास हुई इस मुठभेड़ में आरोपी मो. मुजम्मिल कुरैशी उर्फ मीम के बाएं पैर में गोली लग गई। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस के मुताबिक, रेलबाजार थाना क्षेत्र के फेथफुलगंज स्थित आजाद पार्क में गोकशी की घटना हुई थी। इस मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। जांच के दौरान पचरोजा, जाजमऊ निवासी मो. मुजम्मिल कुरैशी उर्फ मीम का नाम सामने आया था। वह इस मामले में वांछित चल रहा था। इससे पहले पुलिस उसके भाई एहतिशाम कुरैशी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

रविवार सुबह 8 बजे रेलबाजार पुलिस को सूचना मिली कि गोकशी के मामले में वांछित मुजम्मिल कुरैशी शिवनारायण टंडन पुल के आसपास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को पुलिस से घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस की गोली आरोपी के बाएं पैर में जा लगी, जिससे वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटनास्थल से आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस बरामद किए। इसके अलावा उसका मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी मुजम्मिल ने फेथफुलगंज के आजाद पार्क में हुई गोकशी की घटना में अपने भाई एहतिशाम कुरैशी के साथ शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब मामले में अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

इस कार्रवाई के बाद गोकशी के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही बरामद हथियार और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की जांच जारी है। इसके लिए टीम का गठन किया गया है जो जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम