‘कानून का हाथ आप तक जरूर पहुंचेगा’, तेजस्वी के बयान पर केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय
पटना, 8 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बयान पर सियासत तेज हो गई है। केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने पलटवार करते हुए कहा कि जो आपने किया है, कानून का हाथ तो आप तक जरूर पहुंचेगा।
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि मैं तेजस्वी यादव से पूछना चाहता हूं कि क्या आपके परिवार ने भ्रष्टाचार किया था या नहीं। क्या कई घोटाले नहीं हुए। चारा घोटाला हुआ। नौकरियां देने के बदले जमीन ली गई। अलग-अलग तरीकों से भ्रष्टाचार किया गया।
उन्होंने कहा कि बिहार में राजद के कार्यकाल में जनता को विकास से दूर रखा गया था। जंगलराज स्थापित किया गया था। अपराधियों को संरक्षण दिया गया। जब सारे लक्षण आपमें मौजूद हैं तो कानून का हाथ आप तक पहुंचेगा, कार्रवाई होगी। यह कहना गलत है कि भ्रूण हत्या हो रही है। आप जो किए हैं, भुगतना ही पड़ेगा। देश कानून के हिसाब से चलता है।
केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बिहार पधार रहे हैं। कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। उनके स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं। बिहार उनका घर है। कार्यकर्ता उनके स्वागत में जुटे हुए हैं।
पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि इस कार्रवाई के पीछे कोई बदले की भावना नहीं है। अगर कोई कानून तोड़ता है, किसी के घर पर कब्जा करता है या एफआईआर दर्ज होती है और ज्यूडिशियल वारंट जारी होता है, तो पुलिस कार्रवाई करेगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी यह बात हल्के में नहीं कह रहे हैं। वह ऐसे समय में बोल रहे हैं, जब भारत ने दुनिया का भरोसा जीता है। ऐसा भी लगता है कि स्वामी विवेकानंद की भविष्यवाणी सच हो रही है। स्वामी विवेकानंद ने भविष्यवाणी की थी कि 21वीं सदी भारत की होगी। स्वामी विवेकानंद के बचपन का नाम नरेंद्र था और गरीबों के मसीहा का नाम भी नरेंद्र मोदी है।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम