कन्नौज में भीषण सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से तीन युवकों की मौत, एक घायल
कन्नौज, 10 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के कचाटीपुर गांव के पास हुआ।
बताया जा रहा है कि चारों लोग एक ही बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
बाइक जब कचाटीपुर के पास से गुजर रही थी, तभी अचानक एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तीन युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
भीषण सड़क हादसे के बाद घटनास्थल पर भीड़ एकत्रित हो गई। स्थानीय लोगों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। हादसे में घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की जरूरत को उजागर किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल के आस-पास सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं, मृतकों के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घायल युवक का इलाज जारी है, उससे भी पूछताछ की जा रही है।
--आईएएनएस
एसएके/एएस