×

गायक अंकित के घर पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, कहा- आरोपियों के खिलाफ हो कड़ी कार्रवाई

 

शामली, 27 अगस्त (आईएएनएस)। पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने गुरुवार को दिवंगत कलाकार अंकित बालियान के आवास पर जाकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में पुलिस-प्रशासन से इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मामले में कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो प्रशासन को जनता के रोष का सामना करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि एक ऐसा कलाकार जो बहुमुखी प्रतिभा का धनी था और पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा में अपनी अद्भुत प्रतिभा की वजह से लोकप्रिय था। उसकी इस तरह से निर्मम हत्या कर देना, दुर्भाग्यपूर्ण है। शाम के समय शहर के बीच में उसकी हत्या कर दी गई, इससे बड़े दुख की बात और क्या हो सकती है। इतनी बड़ी घटना हो जाती है और मौके पर पुलिस-प्रशासन से जुड़ा कोई व्यक्ति नहीं पहुंचता है। ऐसी स्थिति में आप क्या ही उम्मीद कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के सीएम नायब सैनी हमारे मित्र हैं। हम उनसे बात करेंगे और यहां के पुलिस-प्रशासन से भी हम इस घटना का जिक्र करके उनसे बात करेंगे। हम पुलिस-प्रशासन से मांग करेंगे कि जिसने भी इस कृत्य को अंजाम दिया है, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए और उसे कठोर सजा मिले। इस तरह की स्थिति को प्रदेश में किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। जैसा सिद्धू मूसेवाला के प्रकरण में हुआ था, ठीक उसी तरह की कार्रवाई होनी चाहिए ताकि आम लोगों के बीच यह संदेश जाए कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अब इस घटना के पीछे की वजह क्या है। इस पर हम किसी भी प्रकार की टिप्पणी नहीं कर सकते हैं। यह तो पुलिस जांच का विषय है। पुलिस अपनी जांच में ही यह पता चलेगा कि आखिर इसका घटना के पीछे की वजह क्या है। आखिर किन लोगों ने उसे अंजाम दिया है। इस घटना में शामिल लोगों को चिन्हित किया जाना चाहिए। इस पूरे मामले में कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। अगर कार्रवाई में किसी भी प्रकार की कोताही देखने को मिलेगी, तो जनता मोर्चा खोलने के लिए तैयार बैठी है, क्योंकि इस घटना के बाद लोगों में बहुत रोष है। लोग अब रूकेंगे नहीं। पुलिस-प्रशासन को फिर जनता के रोष का सामना करना पड़ेगा।

वहीं, अंकित बालियान के पिता ने भी अपने बेटे की हत्या पर दुख जाहिर किया। उनके मुताबिक, अभी तक पुलिस की तरफ से कोई जानकारी नहीं दी गई है। वहीं, खबर है कि गोगा गैंग ने हत्या की जिम्मेदारी ली है, जिस पर अंकित बालियान के पिता ने कहा कि यह सब बकवास की बातें हैं, जिस पर बिल्कुल भी भरोसा नहीं किया जा सकता है। मेरा बेटा कोई अपराधी नहीं था, वो तो कलाकार था। अगर इस मामले में पुलिस-प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाती है, तो हमारा कानून-व्यवस्था पर से विश्वास उठ जाएगा। एसपी साहब ने हमसे चार दिन मांगे थे, हमने उन्हें पांच दिन दे दिए। हालांकि, अभी तक कोई संतुष्टिजनक कार्रवाई नहीं की गई है।

उधर, अंकित बालियान की मां ने अपने बेटे की हत्या में शामिल आरोपियों का एनकाउंटर करने की मांग की है। इस पर अंकित बालियान के पिता ने कहा कि हम भी यही चाहते हैं कि इसमें शामिल आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए। इस मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो हमारा कानून-व्यवस्था पर से भरोसा उठ जाएगा।

--आईएएनएस

एसएचके/पीएम